
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर किया जा रहा है. शनिवार की सुबह कांग्रेस मुख्यालय में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। जिसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह की शव यात्रा निगमबोध घाट पहुंची। पीएम मोदी ने भी निगमबोध घाट पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बड़े नेता पूर्व पीएम के अंतिम संस्कार में शामिल होने निगमबोध घाट पर पहुंच चुके हैं। एक-एककर सभी नेता उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। तीनों सेनाओं के अधिकारियों ने भी उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। थोड़ी ही देर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, रूस, पाकिस्तान और श्रीलंका समेत दुनियाभर के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। सभी देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया। अफगानिस्तान, मालदीव, मॉरीशस और नेपाल के नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल उनका स्मारक बनाने की मांग कर रहे हैं, जिस पर सरकार ने सहमति दे दी है। इसके लिए एक ट्रस्ट बनाने का फैसला लिया गया है। बता दें कि गुरुवार, 26 दिसंबर की रात मनमोहन सिंह का दिल्ली के AIIMS अस्पताल में निधन हुआ था।