राज्य

Cold Wave Alert: पहाड़ों की बर्फबारी से दिल्ली में लौट आई शीतलहर

देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर शीतलहर (Cold Wave in Delhi) लौट रही है। अभी तीन-चार दिन ठंड में कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन अब एक बार फिर से पारा नीचे गिर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान काफी नीचे जाएगा और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दिल्ली में ठंड के कहर को देखते हुए बेघर लोगों के लिए रैन बसेरे खोल दिए गए हैं। लोगों का रात को सोने का इंतजाम इन रैन बसेरों में किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को धूप के दर्शन नहीं होंगे। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बादल ही छाए रहेंगे। इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शनिवार को ही 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद रविवार और सोमवार तक तापमान में और गिरावट देखी जाएगी। शनिवार सुबह से ही तापमान काफी कम हो गया है और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में कोहरा भी छाया हुआ है।

पहाड़ों की बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड
शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के कई इलाकों में जोरदार बर्फबारी हुई है। लगातार हवाएं चल रही हैं। जिसकी वजह से दिल्ली समेत तमाम मैदानी इलाकों में इसका असर पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार तक दिल्ली का तापमान काफी कम हो जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button