दिल्ली AI Summit में हंगामा: यूथ कांग्रेस का टी-शर्ट खोलकर पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन, बीजेपी का पलटवार
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस ने पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। बीजेपी ने इसे देश विरोधी हरकत बताया। पढ़ें पूरी खबर। The Youth Congress protested against PM Modi during the India AI Impact Summit held at Bharat Mandapam in Delhi. The BJP called it an anti-national act. Read the full story.

भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, AI Summit के बीच सियासी संग्राम
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित कन्वेंशन सेंटर भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट (India AI Impact Summit) के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस (Indian Youth Congress) के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के भीतर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। और उनसे पूछताछ जारी है। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन
यूथ कांग्रेस (Youth Congress) का आरोप है कि केंद्र सरकार की विदेश नीति में झुकाव और कॉरपोरेट दबाव हावी है। संगठन ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील (India-US trade deal) को लेकर सवाल उठाए और इसे देशहित के खिलाफ बताया है।
इंडियन यूथ कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जब विदेश नीति में समझौता और दबाव दिखता है तो देश की अस्मिता खतरे में पड़ती है। कार्यकर्ताओं ने खुद को “Compromised PM” के विरोध में आवाज उठाने वाला बताया है।
आगे इंडियन यूथ कांग्रेस ने सवाल करते हुए कहा कि जिस देश का मीडिया, सिस्टम और खुद प्रधानमंत्री ही compromised हो चुके हों, उसके खिलाफ आवाज़ उठाने का मंच आखिर बचता ही कौन-सा है? सड़कों पर प्रदर्शन करें तो रोक दिया जाता है। IT Rules की आड़ में सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पोस्ट हटवाई जाती हैं। इंडियन यूथ कांग्रेस ने मीडिया को भी सरकार का भोंपू कहा है।
इंडियन यूथ कांग्रेस का कहना है, कि हम AI Summit के खिलाफ नहीं हैं। हम भारत के हितों के साथ हो रहे समझौते के खिलाफ हैं। आगे इंडियन यूथ कांग्रेस ने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौते साइन हो रहे हों, युवाओं को बेरोज़गार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो क्या हम खामोश रहें? नहीं। शायद यह संभव नहीं। यह देश 140 करोड़ नागरिकों का है। अगर प्रधानमंत्री compromised हों, तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि जनता खामोश हो जाए। उनका कहना है कि अगर हम महात्मा गांधी के दिखाए रास्ता पर अगर चलना जानते हैं, तो सरदार भगत सिंह के दिखाए रास्ते पर भी चलना जानते है। देश के युवाओं, किसानों के हितों का सौदा कतई नही होने देंगे। आखिर में उन्होने इंकलाब जिंदाबाद का नारा भी दिया।
Read More:- राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी, पुलिस हिरासत में आरोपी राज सिंह आमेरा
चार कार्यकर्ताओं की पहचान
प्रदर्शन के दौरान कपड़े उतारकर विरोध जताने वाले चार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पहचान हो गई है। इनमें संगठन के राष्ट्रीय और राज्य स्तर के पदाधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये सभी क्यूआर कोड एंट्री (QR Code Entry) के जरिए कार्यक्रम स्थल के भीतर पहुंचे थे। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में किस स्तर पर चूक हुई।
बीजेपी का राहुल गांधी पर हमला
घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय (Amit Malviya) ने एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भारत वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन (Global AI Summit) की मेजबानी कर रहा है, जिसमें टेक्नोलॉजी में अपने इनोवेशन और लीडरशिप को दिखाया जा रहा है, कांग्रेस पार्टी ने इज्ज़त के बजाय रुकावट को चुना। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अर्धनग्न प्रदर्शन करना अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश को शर्मिंदा करने जैसा है।
राहुल गांधी की लीडरशिप में, कांग्रेस वर्कर्स ने टॉपलेस होकर वेन्यू पर हंगामा किया, यह काम साफ़ तौर पर दुनिया के मंच पर भारत को शर्मिंदा करने के लिए किया गया था। जब देश खुद को ग्लोबल टेक्नोलॉजी पावरहाउस (Global Technology Powerhouse) के तौर पर बनाने की कोशिश कर रहा है, तो ऐसा बर्ताव सिर्फ़ उन लोगों के फ़ायदे में है जो भारत को लड़खड़ाते देखना चाहते हैं। पॉलिटिकल विरोध एक डेमोक्रेटिक हक़ है, लेकिन भारत की ग्लोबल इमेज को नुकसान पहुँचाना नहीं। आगे उन्होंने कहा कि भारत इससे बेहतर का हक़दार है।
https://x.com/amitmalviya/status/2024760275258286342?s=20
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी इसे “देश विरोधी हरकत” बताते हुए कहा कि कांग्रेस विकास के एजेंडे से असहज है और राजनीतिक लाभ के लिए भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचा रही है।
दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुआ यह विरोध प्रदर्शन अब सियासी बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है। एक ओर यूथ कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक विरोध बता रही है, तो दूसरी ओर बीजेपी इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम करार दे रही है। आने वाले दिनों में जांच और राजनीतिक बयानबाजी के बीच यह मामला और तूल पकड़ सकता है।




