तारक मेहता फेम 'दयाबेन' के पिता भीम वकानी का निधन, 84 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
तारक मेहता फेम दिशा वकानी के पिता और प्रसिद्ध कलाकार भीम वकानी का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में दयाबेन का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुईं अभिनेत्री दिशा वकानी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता और गुजरात के जाने-माने नाटककार भीम वकानी का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। यह जानकारी उनके बेटे मयूर वकानी ने दी है। उन्होंने बताया कि वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और अहमदाबाद में उनका इलाज चल रहा था।
सिनेमा का बड़ा नाम
भीम वकानी केवल दिशा वकानी के पिता ही नहीं, बल्कि खुद भी एक मंझे हुए कलाकार थे। उन्होंने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने आमिर खान की मशहूर फिल्म ‘लगान’ में काजी साहब का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह ‘स्वदेस’ और ‘लज्जा’ जैसी बड़ी फिल्मों में भी नजर आए थे। दिलचस्प बात यह है कि वह ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के एक खास एपिसोड में जेठालाल के बापूजी के दोस्त मावजी छेड़ा के रूप में भी दिखाई दिए थे।
Read More:-ईरान के गैस फील्ड पर हमला, नेतन्याहू की दहाड़- “खून का बदला खून”,ट्रंप की चेतावनी – “एक रात में खत्म कर देंगे”
बेटी को ‘हीरोइन’ बनाने में था बड़ा हाथ
दिशा वकानी और मयूर वकानी को कलाकार बनाने के पीछे उनके पिता का ही सबसे बड़ा हाथ था। दिशा ने अपने करियर की शुरुआत अपने पिता के निर्देशन में बने नाटकों में एक बाल कलाकार के रूप में की थी। उनके पिता ने ही उन्हें मुंबई जाकर एक्टिंग में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया था। शो के निर्माता असित मोदी और अभिनेता दिलीप जोशी ने भीम वकानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
अंतिम विदाई की तैयारी
आज दोपहर करीब 2:30 बजे उनके पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान से निकाली जाएगी। उनका अंतिम संस्कार अहमदाबाद के थलतेज श्मशान घाट पर किया जाएगा। ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की पूरी स्टारकास्ट और निर्माता असित मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।




