Breaking newsन्यूज़
Trending

राघव चड्ढा पर 'आप' की बड़ी कार्रवाई,राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए गए, बोलने पर भी लगी रोक

AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाकर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने उनकी जगह अशोक मित्तल को नियुक्त किया है।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें उच्च सदन में पार्टी के उपनेता के पद से हटा दिया है। पार्टी ने उनकी जगह अब सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में अपना नया उपनेता नियुक्त किया है। इसके साथ ही पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को सदन में बोलने के लिए समय आवंटित न करने का भी निर्देश दिया है।

पार्टी की ओर से मिली बड़ी सजा

राघव चड्ढा के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले पार्टी ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर कर दिया था। अब उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सदन में उनकी भूमिका बेहद सीमित हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस फेरबदल की आधिकारिक सूचना राज्यसभा सचिवालय को सौंप दी है।

अनुशासनहीनता और चुप्पी बनी कारण?

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी हाईकमान राघव चड्ढा की कार्यशैली से नाराज था। उन पर आरोप है कि वे पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी कर रहे थे और राज्यसभा में मुद्दे उठाने से पहले नेतृत्व के साथ चर्चा नहीं कर रहे थे। इसके अलावा, जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को कोर्ट से बड़ी राहत मिली थी, तब भी राघव चड्ढा की ओर से कोई खास प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। उनकी इस ‘चुप्पी’ को अनुशासनहीनता से जोड़कर देखा जा रहा है।

Read More:-खेसारी लाल यादव के शो में भारी बवाल, उपद्रवियों ने फेंके जूते और तोड़ीं कुर्सियां

व्यक्तिगत स्टाइल बनाम सामूहिक फैसला

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि राघव चड्ढा कई बार पार्टी के रुख से अलग व्यक्तिगत मुद्दों (जैसे एयरपोर्ट पर चाय के दाम या डिलीवरी बॉयज के मुद्दे) को प्राथमिकता दे रहे थे। पार्टी का मानना है कि सदन में व्यक्तिगत पहचान बनाने के बजाय ‘सामूहिक फैसले’ और पार्टी की विचारधारा को मजबूती से रखना अधिक जरूरी है।

AAP में अंदरूनी कलह के संकेत

संजय सिंह की अनुपस्थिति के दौरान राघव चड्ढा राज्यसभा में पार्टी का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे थे। लेकिन अचानक हुए इस बड़े बदलाव ने आम आदमी पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को जगजाहिर कर दिया है। फिलहाल राघव चड्ढा ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Read More:- अंतरिक्ष में कैसे धोते हैं बाल? शुभांशु शुक्ला ने वीडियो शेयर कर दिखाया तरीका

Related Articles

Back to top button