राज्य

बस्तर में भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों की हत्या के विरोध में 16-17 फरवरी को छत्त्तीसगढ़ बंद का आव्हान

रायपुर।  बस्तर में भाजपा के पार्टी पदाधिकारियों की हत्या के विरोध में 16-17 फरवरी को छत्त्तीसगढ़ बंद और चक्काजाम का आव्हान किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बिलासपुर सांसद अरुण साव ने 2-3 दिन पहले लोकसभा में पार्टी के नेताओं की हत्या का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि, 30 दिनों में 4 भाजपा पदाधिकारियों की निर्मम हत्या की गई है। राज्य की कांग्रेस सरकार (Congress Government) प्रदेश के लोगों की सुरक्षा में विफल साबित हो रही है।

वहीं प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप और बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडेय ने संभाग के सभी सातों जिले के भाजपा पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली थी। इस वर्चुअल बैठक में आज होने वाले विरोध प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई है।

भाजपा द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बस्तर संभाग के 12 विधानसभा क्षेत्र में 16 फरवरी और बाकी 78 विधानसभा क्षेत्र में 17 फरवरी को बंद रहेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का कहना है, कि कांग्रेस सरकार की शह पर षड्यंत्र पूर्वक, सुनियोजित तरीके से लक्ष्य करके भारतीय जनता पार्टी के नेता, कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। भाजपा सांसदों ने लोकसभा में पार्टी पदाधिकारियों की हत्या का निष्पक्ष जांच की मांग की है।

16 फरवरी को बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में रैली निकालकर आईजी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 17 फरवरी को बस्तर के 12 विधानसभा क्षेत्र छोड़कर प्रदेश के सभी 78 विधानसभा क्षेत्र में मंडल स्तर पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक प्रदेश की 400 से अधिक सड़कें जाम की जाएंगी। प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने आरोप लगाया है कि  यह षड्यंत्र की राजनीति आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए की जा रही है।

Related Articles

Back to top button