बादशाह के गाने ‘टटीरी’ पर मचा बवाल, सिंगर ने मांगी माफी
रैपर बादशाह का नया गाना ‘टटीरी’ रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है। जिसके बाद सिंगर ने सोशल मीडिया पर माफी भी मांगी हैं। Rapper Badshah's new song "Tettiri" has sparked controversy since its release, prompting the singer to apologize on social media.

भारतीय संगीत जगत के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए गाने को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में सिंगर का नया गाना ‘टटीरी’रिलीज हुआ है। गाने के लिरिक्स में ‘बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय माना जा रहा है।
इन लिरिक्स के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया है। वहीं हरियाणा पुलिस और राज्य महिला आयोग के सख्त रुख के बाद बादशाह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हरियाणा के कई जिलों में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि वे देश छोड़कर न जा सकें।
इसके अलावा, वीडियो के विजुअल्स में स्कूली छात्राओं को अपनी यूनिफॉर्म और बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जिसे शिक्षा के प्रति नकारात्मक संदेश देने वाला बताया जा रहा है। वहीं ‘बादशाला’ जैसे शब्दों के प्रयोग और स्कूल परिसर के इस्तेमाल को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
https://www.instagram.com/reels/DVlLTwxCQln/
पुलिस की सख्त कार्रवाई और जांच
पंचकूला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से इस गाने को हटवा दिया है। इसके साथ ही अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और म्यूजिक ऐप्स को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
Read More:- ‘रामायण’ से रणबीर कपूर-साई पल्लवी की फोटो वायरल, क्या सच में सेट से हुई लीक?
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिखाई गई हरियाणा रोडवेज (जींद डिपो) की बस और सरकारी स्कूल परिसर के इस्तेमाल के लिए संबंधित विभागों से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि यह बिना अनुमति के पाया गया, तो धारा 120-बी (साजिश) के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति इस गाने से जुड़ी रील्स या शॉर्ट वीडियो साझा करेगा, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
बादशाह की भावुक माफी
चारों तरफ से कानूनी दबाव बढ़ने के बाद बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो संदेश जारी कर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके गाने के कुछ हिस्सों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा, ‘मैं खुद हरियाणा से हूं और मेरी पहचान, बोली और खान-पान सब यहीं का है। मेरा इरादा कभी भी हरियाणा की संस्कृति या यहां की महिलाओं और बच्चों का अपमान करना नहीं था। हिप-हॉप शैली में अक्सर लिरिक्स प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने के लिए लिखे जाते हैं, वे किसी महिला के लिए नहीं थे।’
बादशाह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दिया जाए।




