गज़ब न्यूज़चुनावराज्य

Bihar Election 2025 : सेनेटरी पैड पर राहुल गांधी की तस्वीर, कांग्रेस इसके सहारे पहुंचेगी महिलाओं तक !

कांग्रेस ने इस अभियान के ज़रिए बिहार की सियासत में महिला मतदाताओं को केंद्र में लाकर एक नया सियासी मोर्चा खोल दिया है।

 

पटना। बिहार में आगामी चुनावों की सरगर्मी के बीच कांग्रेस ने महिलाओं को साधने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी कि पार्टी राज्य की 5 लाख महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड वितरित करेगी।

इस अभियान को “माई-बहिन मान योजना” नाम दिया गया है। इस योजना के तहत वितरित किए जाने वाले सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर और महिला कांग्रेस का लोगो भी अंकित होगा।

महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य को मिलेगा बल

राजेश कुमार ने कहा, “यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है। बिहार की महिलाएं वर्षों से उपेक्षा का शिकार रही हैं। अब कांग्रेस उन्हें स्वास्थ्य संबंधी मदद ही नहीं, बल्कि आर्थिक सम्मान भी दिलाना चाहती है।”

₹2500 प्रति माह सम्मान राशि की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी बताया कि पार्टी की योजना है कि महिलाओं को प्रति माह ₹2500 की सम्मान राशि दी जाए। इस मांग को लेकर कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन भी शुरू करेगी। उन्होंने आगे कहा कि महिला कांग्रेस इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर महिलाओं से संपर्क साधेगी और उन्हें स्वास्थ्य, स्वच्छता और हक की जानकारी देगी। उन्होंने इस पहल को “महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम” बताया।

राजनीतिक संकेत भी साफ

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह योजना न सिर्फ महिला मतदाताओं को कांग्रेस के पाले में लाने की कोशिश है, बल्कि इससे पार्टी राहुल गांधी की छवि को भी आम लोगों तक मजबूत करने का प्रयास कर रही है। चुनावी मौसम में इस तरह के अभियान को वोट बैंक साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

कुल मिलाकर, कांग्रेस ने इस अभियान के ज़रिए बिहार की सियासत में महिला मतदाताओं को केंद्र में लाकर एक नया सियासी मोर्चा खोल दिया है।

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button