
Voter Adhikar Yatra: वोटर अधिकार यात्रा के 14वें दिन समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव छपरा पहुंचे।वो राहुल गांधी व तेजस्वी यादव के साथ यात्रा में शामिल होंगे।
Vote Adhikar Yatra: शनिवार 30 अगस्त यानी आज वोटर अधिकार यात्रा के 14वें दिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को छपरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की। वो वोटर अधिकार यात्रा में हिस्सा लेंगे। वहीं, तेजस्वी यादव की बहन और राजद नेता रोहिणी आचार्य भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए छपरा पहुंच गई हैं। वोटर अधिकार यात्रा इससे पहले शुक्रवार को सिवान के बबुनिया मोड़ पर पहुंची, जहां लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने संयुक्त रूप से केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला।
राहुल गांधी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में किसी भी कीमत पर वोट चोरी नहीं होने देंगे।उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर सीधे सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि लोकतंत्र के साथ छेड़छाड़ की जा रही है. उन्होंने कहा कि जनता की ताकत सबसे बड़ी है और जब जनता जागरूक होती है, तो कोई ताकत उनके हक को नहीं छीन सकती है।उन्होंने लोगों से अपील की कि वोट के अधिकार की रक्षा के लिए सतर्क और एकजुट रहें।
तेजस्वी यादव का सरकार पर वार
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के पास न कोई नई सोच है और न ही कोई ठोस योजना। सरकार केवल पुराने वादों की कॉपी-पेस्ट कर रही है, लेकिन उन्हें धरातल पर उतारने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। तेजस्वी ने युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नौकरी देने का वादा आज तक अधूरा है, जबकि नौजवान बेहतर भविष्य की उम्मीद में भटक रहे हैं।
तेजस्वी का संदेश – बदलाव का वक्त आ गया है
तेजस्वी यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज समय आ गया है जब नौजवान अपनी ताकत दिखाएं और बदलाव की राह में कदम से कदम मिलाकर चलें। उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसी सरकार चाहिए जो जनता की उम्मीदों पर खरी उतरे और हर तबके की आवाज़ सुने।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मंच से लोगों को भरोसा दिलाया कि जनता अगर साथ देगी तो न केवल वोट चोरी जैसी साज़िशों को नाकाम किया जाएगा, बल्कि एक नई व्यवस्था खड़ी होगी, जहाँ युवाओं को रोजगार और हर नागरिक को न्याय मिलेगा।
