मुंबई मेगा ब्लॉक अलर्ट! मध्य और हार्बर लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित
मुंबई में 5 अप्रैल 2026 को मेगा ब्लॉक के चलते मध्य और हार्बर लाइन की कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित और रद्द रहेंगी।
मध्य रेलवे की मेन लाइन पर रविवार, 5 अप्रैल 2026 को आवश्यक इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के कारण मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। सुबह 10:48 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक सीएसएमटी (CSMT) से विद्याविहार के बीच चलने वाली सभी डाउन स्लो ट्रेनों को डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकने के बाद वापस स्लो लाइन पर आएंगी। इसी तरह, घाटकोपर से दोपहर 3:52 बजे तक चलने वाली अप स्लो ट्रेनों को भी फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। इसके अलावा, ठाणे और डोंबिवली के बीच सुबह 10 बजे तक 10 घंटे का एक विशेष ब्लॉक रहेगा, जिससे कई सेवाएं रद्द या समय से पहले समाप्त कर दी जाएंगी।
कई सेवाएं रहेंगी निलंबित
हार्बर लाइन पर 5 अप्रैल को मेगा ब्लॉक के कारण यात्रियों को भारी कटौती का सामना करना पड़ेगा। सीएसएमटी से बांद्रा, गोरेगांव, पनवेल और वाशी की ओर जाने वाली डाउन ट्रेनें सुबह 10:48 से शाम 4:47 बजे के बीच निलंबित रहेंगी। वहीं, पनवेल और बेलापुर से सीएसएमटी आने वाली अप ट्रेनें सुबह 9:53 से दोपहर 3:20 बजे तक और गोरेगांव/बांद्रा से आने वाली सेवाएं शाम 5:13 बजे तक बंद रहेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन सीएसएमटी से वाशी और पनवेल से कुर्ला (प्लेटफॉर्म नंबर 8) के बीच कुछ विशेष ट्रेनें चलाएगा। इस दौरान हार्बर के यात्री सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मेन लाइन और वेस्टर्न रेलवे के जरिए यात्रा कर सकते हैं।
Read More:- अमेरिका का चौंकाने वाला दावा: होर्मुज में कहां बिछाया था बारूदी सुरंगों का जाल, भूल गया ईरान?
पश्चिमी रेलवे के यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि रविवार, 5 अप्रैल को दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं रखा गया है। हालांकि, अगले रविवार यानी 12 अप्रैल 2026 को सांताक्रुज और गोरेगांव स्टेशनों के बीच 5 घंटे का जम्बो ब्लॉक रहेगा। यह ब्लॉक सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अप और डाउन फास्ट लाइनों पर प्रभावी होगा। इस अवधि के दौरान फास्ट लाइन की सभी लोकल ट्रेनों को स्लो लाइन पर चलाया जाएगा, जिसके कारण कुछ सेवाएं रद्द हो सकती हैं और कुछ ट्रेनों को हार्बर लाइन के जरिए गोरेगांव तक बढ़ाया जाएगा।
मेगा ब्लॉक के दौरान होने वाली असुविधा को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घरों से निकलने से पहले स्टेशन पर लगे टाइम टेबल को जरूर देख लें। ब्लॉक की वजह से उपलब्ध ट्रेनों में भीड़ सामान्य से अधिक हो सकती है और ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से चल सकती हैं। रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है ताकि रखरखाव का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।




