सैम बहादुर को तीन राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर खुशी से झूम उठीं फ़ातिमा सना शेख़

मुंबई। 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सैम बहादुर को तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने की खुशी में अभिनेत्री फ़ातिमा सना शेख़ गदगद हैं। इस फिल्म को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों पर आधारित सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ मेकअप और सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिज़ाइन जैसे बड़े सम्मान मिले हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए फ़ातिमा ने कहा, “सैम बहादुर की टीम को तीन अविश्वसनीय राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बहुत-बहुत बधाई!! यह सचमुच एक सम्मान की बात है। मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनकर और श्रीमती इंदिरा गांधी की भूमिका निभाकर बहुत खुशी हो रही है। हमारी निर्देशक मेघना गुलज़ार के साथ काम करना एक सपना था और यह मेरे लिए वाकई एक अनोखा अनुभव था।”
मेघना गुलज़ार द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के जीवन पर आधारित है। फिल्म में फ़ातिमा सना शेख़ ने भारत की पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली।
फातिमा ने अपने अभिनय से दृढ़ता, संजीदगी और राजनीतिक गंभीरता का ऐसा मेल प्रस्तुत किया कि उनका किरदार बिल्कुल जीवंत प्रतीत हुआ। इस प्रदर्शन ने उनकी विविधता और बहुमुखी प्रतिभा को उजागर कर दिया।
यह फिल्म और फातिमा का अभिनय न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह दर्शकों के दिलों में भी एक खास जगह बना चुकी है।