राज्य

गंगा का कहर: सबौर प्रखंड में बाढ़ से हाहाकार, NH-80 पर मंडरा रहा खतरा

 

भागलपुर। जिले के सबौर प्रखंड में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। जलस्तर में वृद्धि के कारण कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इंग्लिश फरका, घोसपुर समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घरों और खेतों में घुस गया है।

NH-80 पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जानकारी के अनुसार, बीती रात एक स्थान पर बाढ़ का पानी सड़क पर चढ़ गया था, जिसे मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से रोका गया। हालांकि, गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से किसी भी समय पानी सड़क पर बहने की आशंका बनी हुई है। अगर ऐसा हुआ, तो भागलपुर का संपर्क कई इलाकों से कट सकता है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस राहत या बचाव व्यवस्था नहीं की गई है। मजबूरी में लोग ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि पहले भी बाढ़ आई थी, लेकिन इस बार पानी बढ़ने की रफ्तार तेज है और हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं।

ग्रामीणों को आशंका है कि अगर जलस्तर में वृद्धि जारी रही, तो फसलें, घर और बुनियादी ढांचा सब बर्बाद हो सकता है। लोग अपनी सुरक्षा और जान-माल की हिफाजत के लिए गांव छोड़ने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन से त्वरित राहत की मांग लगातार हो रही है।

 

Related Articles

Back to top button