KBC में अमिताभ बच्चन से बोला था झूठ, अब 'Still Alive' में समय रैना ने किए कई चौंकाने वाले खुलासे
मशहूर कॉमेडियन समय रैना अपने नए स्टैंडअप स्पेशल ‘Still Alive’ को लेकर चर्चा में हैं। इस शो में उन्होंने KBC में अमिताभ बच्चन से बोले गए झूठ, अपने विवादित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ और रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े विवादों पर खुलकर बात की है।

मशहूर कॉमेडियन समय रैना इन दिनों अपने नए स्टैंडअप स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस शो में उन्होंने अमिताभ बच्चन, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) और अपने विवादित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर बेबाक खुलासे किए हैं।
KBC में दादी को लेकर बोला था ‘झूठ’
समय रैना ने बताया कि साल 2025 में जब वे केबीसी में गए थे, तो उन्होंने अमिताभ बच्चन से झूठ बोला था कि उनकी दादी अमिताभ की बहुत बड़ी फैन हैं। समय ने शो में हंसते हुए कहा, ‘मेरी दादी को मरे हुए 7 साल हो चुके हैं, लेकिन वहां मैंने बोला कि सर दादी आपकी बड़ी फैन हैं। आप इंडियन इंटरनेट पर पूरी तरह ईमानदार नहीं रह सकते, आपको माहौल के हिसाब से खुद को बदलना पड़ता है।’
समय ने बताया कि वे अपनी ‘शरारती’ छवि को सुधारने और खुद को एक ‘वर्सेटाइल क्रिएटर’ दिखाने के लिए वहां काफी शरीफ बन रहे थे।
अमिताभ बच्चन पर मारना चाहते थे ‘गंदा’ जोक
इतना ही नहीं, समय ने एक ऐसे मजाक का जिक्र किया जो उनके दिमाग में केबीसी के दौरान आया था, लेकिन उन्होंने मर्यादा बनाए रखने के लिए उसे नहीं बोला। उन्होंने कहा, ‘मेरे दिमाग में आया था कि बोलूं सर, आपने पोलियो का इतना विज्ञापन किया, फिर भी अपने बेटे को पैरों पर खड़ा क्यों नहीं कर पाए? लेकिन मुझे पता था कि अगर मैंने ये बोला तो मामला बहुत बिगड़ जाएगा।’
Read More:-घर की सफाई का सामान बन रहा खतरा! एंटीबैक्टीरियल प्रोडक्ट्स से बढ़ रहा “सुपरबग” संकट
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद पर सफाई
समय ने अपने बंद हो चुके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ और रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि जिस सवाल पर विवाद हुआ था, रणवीर ने उसे एक बार नहीं बल्कि 8 बार पूछा था। समय ने मजाक में कहा कि एपिसोड इतना ज्यादा विवादित था कि उन्होंने 99% हिस्सा एडिट करके हटा दिया था, फिर भी बवाल हो गया।
क्यों हटाया था पुराना शो?
बता दें कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में पेरेंट्स को लेकर की गई टिप्पणी के बाद काफी हंगामा हुआ था, जिसके बाद समय को अपने वीडियो यूट्यूब से हटाने पड़े थे। अब समय रैना अपने नए शो के जरिए फिर से सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं और उनके क्लिप्स तेजी से वायरल हो रहे हैं।