अमरावती में 180 नाबालिगों के अश्लील वीडियो वायरल मामले में बड़ा एक्शन, आरोपी के घर चला बुलडोजर
महाराष्ट्र के अमरावती में 180 नाबालिगों के अश्लील वीडियो वायरल करने वाले आरोपी मोहम्मद अयाज के घर पर बुलडोजर कार्रवाई हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दूसरों की जिंदगी उजाड़ने वाले का टूटा घर, अमरावती में प्रशासन का बड़ा एक्शन
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में 180 नाबालिगों के साथ कथित यौन शोषण और उनके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी मोहम्मद अयाज उर्फ तनवीर के घर पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में भारी हलचल देखी गई।
आरोपी के घर के अवैध हिस्से पर चला बुलडोजर
जानकारी के मुताबिक, अमरावती जिले के परातवाड़ा शहर निवासी मोहम्मद अयाज पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। प्रशासन ने उसके मकान के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए जेसीबी मशीन भेजी। मौके से सामने आए वीडियो में देखा गया कि मशीन ने पहली मंजिल तक पहुंचने के लिए घर के बाहर बनी लोहे की सीढ़ियों को भी तोड़ दिया।
अचलपुर नगर परिषद की टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और भारी पुलिस बल तैनात रहा। भाजपा विधायक प्रवीण तायडे भी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई का निरीक्षण किया।
Read More:- होर्मुज में पाकिस्तान को बड़ा झटका! अमेरिका ने लौटाए 2 जहाज, चीन समेत 20 पोत बेधड़क गुजरे
पहले ही दिया गया था नोटिस
रिपोर्ट्स के अनुसार, नगर परिषद ने आरोपी के परिवार को अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया था। नोटिस के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।
प्रेम जाल में फंसाकर बनाया शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि 19 वर्षीय आरोपी मोहम्मद अयाज लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर मुंबई और पुणे ले जाता था। वहां उनके अश्लील वीडियो बनाए जाते थे। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए लड़कियों को ब्लैकमेल किया जाता था और कथित तौर पर उन्हें देह व्यापार में धकेला जाता था।
सोशल मीडिया वायरल होने के बाद खुला मामला
बताया जा रहा है कि आरोपी की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और जांच तेज कर दी।
मोबाइल फोन जब्त, डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद डेटा की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि व्हाट्सएप और स्नैपचैट ग्रुप्स के जरिए नाबालिग लड़कियों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज
राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विशाल आनंद को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अमरावती का यह मामला पूरे महाराष्ट्र को झकझोर देने वाला है। नाबालिगों के शोषण, ब्लैकमेलिंग और वीडियो वायरल जैसे आरोपों के बीच प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई कर सख्त संदेश देने की कोशिश की है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी है।




