MBA पास लड़की ने भगवान भोलेनाथ से रचाई शादी, मेहंदी-हल्दी फिर जयमाला…

भगवान और भक्त का रिश्ता बहुत अनोखा होता है। भगवान के प्रति अपनी आस्था और समर्पण प्रकट करने के लिए भक्त कई बार ऐसे काम करते हैं। जिन्हें देख दुनिया हैरान हो जाती है। ऐसा ही कुछ मध्य प्रदेश में भी हुआ है।
मध्य प्रदेश के दतिया में एक लड़की ने भगवान भोलेनाथ से शादी रचाई है। एमबीए पास लड़की की शिव से शादी ब्रम्हकुमारी आश्रम में हुई। बता दें कि दुल्हन के रूप में सजी एमबीए पास निकिता चौरसिया ने किसी इंसान से नहीं, बल्कि भगवान शंकर से शादी की है। निकिता की ब्रम्हकुमारी आश्रम में हल्दी-मेहंदी की रस्में हुई। साथ ही मंगल गीत गाए गए। शादी की तमाम रस्मों के बाद मैरिज गार्डन में निकिता ने भगवान शंकर को वरमाला पहनाकर शादी रचाई।
निकिता ने कहा, कि संसार में हर इंसान दु:खी है इसलिए हमने अध्यात्म का मार्ग चुना और भगवान शिव को ही अपना पति मानकर पूरा जीवन उन पर न्यौछावर कर रही हूं। आगे निकिता ने कहा, कि जब हमने भगवान शिव से शादी का निर्णय लिया, तो हमारे परिवार और दोस्तों ने भी हमारा साथ दिया। उन्होंने हमारे फैसले को उचित ठहराते हुए हमारा साथ देने का निर्णय किया।
निकिता के परिजनों ने कहा, कि निकिता के भगवान शंकर से शादी करने पर समाज के लोगों की प्रतिक्रिया सही नहीं है, लेकिन अच्छा करने वालों का तो हमेशा से विरोध होता रहा है। निकिता की शादी करवाने वाले ब्रह्माकुमारी आश्रम से जुड़े लोगों ने कहा, कि ये परमात्मा से एकाकार होने का मार्ग है। हम लोगों को इससे बहुत खुशी हो रही है।