Rajpal Yadav को दिल्ली HC से मिली अस्थायी रिहाई, भतीजी की शादी में होंगे शामिल
Rajpal Yadav को अस्थायी रिहाई मिल गई है। यह रिहाई इसलिए दी गई क्योंकि राजपाल यादव को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होना है.

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। उन्हें चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा था। अब, एक्टर की दिल्ली हाई कोर्ट में कल सुनवाई हुई, जिसमें यह सामने आया कि उन्हें अस्थायी रिहाई मिल गई है। यह रिहाई इसलिए दी गई क्योंकि राजपाल यादव को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होना है, जो 19 फरवरी को होने वाली है।
राजपाल यादव ने अपनी जमानत के लिए 2.5 करोड़ रुपये जमा किए हैं, जिनमें से 1.5 करोड़ रुपये हाल ही में उनके बैंक खाते के जरिये ट्रांसफर किए गए हैं। इसके अलावा, अदालत ने आदेश दिया है कि एक्टर को 1 लाख रुपये का निजी मुचलका और उतनी ही राशि की जमानत प्रस्तुत करनी होगी।
राजपाल यादव के मैनेजर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘राजपाल यादव को जमानत मिल गई है, और यह हमारे लिए बहुत खुशी और राहत की बात है। वह अब अपने परिवार के साथ इस खुशी के मौके पर रह सकेंगे।’ उनके भाई ने भी खुशी जताते हुए कहा, ‘यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत की बात है। अब हम सब मिलकर भतीजी की शादी का मजा ले पाएंगे।’
मैनेजर ने यह भी बताया कि राजपाल यादव खुद ही इस मामले के बारे में बात करेंगे। वे एक-दो दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और पूरे मामले पर अपनी बात रखेंगे। तब तक हम ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।
इस दौरान, कई बॉलीवुड कलाकारों ने राजपाल यादव का समर्थन किया है, जिनमें सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और गुरु रंधावा जैसे कलाकारों के नाम शामिल हैं।
क्यों गए राजपाल यादव जेल?
राजपाल यादव ने अपनी फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए 2010 में एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। उन्होंने इस राशि के साथ ब्याज के तौर पर 8 करोड़ रुपये चुकाने की बात की थी। हालांकि, फिल्म सिनेमा घरों में सफल नहीं हो पाई और वे यह रकम चुकाने में असमर्थ रहे। इसके बाद उन्होंने कंपनी को 7 चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसी कारण उन्हें जेल भेजा गया।




