देश

Sharad Yadav: शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख, कहा- यादें संजो कर रखूंगा

जेडीयू (JDU) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव (Sharad Yadav) का 75 साल की उम्र में गुरुवार रात निधन हो गया। इसकी जानकारी उनकी बेटी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी। शरद यादव केंद्रीय मंत्री भी रहे चुके थे। 2018 में शरद यादव ने लोकतांत्रिक जनता दल का गठन किया था। उसके बाद मार्च 2020 में उन्होंने लालू यादव के संगठन राजद में विलय कर लिया।

उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। शरद के देहांत पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए कहा, कि शरद यादव के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दिग्गज राजनेता के निधन पर शोक जताते हुए कहा, कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं देश के बड़े वरिष्ठ नेता शरद यादव के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी उन्होंने काफी संघर्ष किया। उनके निधन से भारतीय राजनीति की एक प्रभावी आवाज खामोश हो गई है। शरदजी के साथ मेरा बड़ा लंबा और बेहद आत्मीय संबंध रहा है। स्वभाव से बेहद सरल और बेबाक शरदजी का निधन एक बड़ी क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम् शांति!

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी शरद यादव के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट कर कहा, कि मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

राजद प्रमुख लालू यादव ने ट्विटर पर सिंगापुर से वीडियो जारी कर शरद यादव के निधन पर शोक जताया।

अखिलेश यादव ने भी दुख जताते हुए कहा, महान समाजवादी नेता आदरणीय श्री शरद यादव जी का निधन अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को ये दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

 

 

Related Articles

Back to top button