Breaking newsLifestyleदेशन्यूज़बिज़नेस
Trending

सावधान! 1 अप्रैल 2026 से होने जा रहे हैं बड़े बदलाव, जानें पूरी जानकारी

1 अप्रैल 2026 से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ कई बड़े बदलाव लागू हो रहे हैं। इनकम टैक्स नियम, सैलरी स्ट्रक्चर, UPI सुरक्षा, PAN कार्ड, रेलवे रिफंड, FASTag, ATM चार्ज और क्रेडिट स्कोर अपडेट जैसे बदलाव आपकी जेब पर असर डालेंगे।

कल यानी 1 अप्रैल 2026 से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत हो रही है। हर साल की तरह इस बार भी कई नियमों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब, सैलरी और बैंकिंग पर पड़ेगा। आइए एक-एक करके जानते हैं कि कल से क्या बदलाव होने जा रहे हैं:

1. इनकम टैक्स के नए नियम (नया टैक्स एक्ट 2025)

कल से ‘नया इनकम टैक्स एक्ट 2025’ लागू हो जाएगा। अब ‘फाइनेंशियल ईयर’ और ‘असेसमेंट ईयर’ का झंझट खत्म होकर सिर्फ एक ‘टैक्स ईयर’ माना जाएगा। इसके अलावा, ITR-3 और ITR-4 भरने की आखिरी तारीख अब 31 अगस्त कर दी गई है।

2. हाथ में आने वाली सैलरी घट सकती है

नए लेबर कोड के तहत कंपनियों को कुल सैलरी (CTC) का 50% हिस्सा बेसिक सैलरी रखना होगा। इससे आपके पीएफ (PF) में ज्यादा पैसा जमा होगा, जिससे भविष्य सुरक्षित रहेगा, लेकिन हर महीने हाथ में मिलने वाली नकद सैलरी थोड़ी कम हो सकती है।

3. रेलवे टिकट कैंसिलेशन और रिफंड के कड़े नियम

भारतीय रेलवे ने रिफंड के नियम बदल दिए हैं। अब ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले तक टिकट कैंसिल करने पर ही पैसा वापस मिलेगा।

  • कैंसिलेशन की समय सीमा: अब ट्रेन छूटने से कम से कम 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल करना अनिवार्य होगा; इसके बाद कोई रिफंड नहीं मिलेगा।
  • 72 घंटे पहले: यदि आप यात्रा से 72 घंटे पहले टिकट रद्द करते हैं, तो मामूली क्लर्क शुल्क काटकर पूरा रिफंड दिया जाएगा।
  • 24 से 72 घंटे के बीच: इस समयावधि में टिकट कैंसिल करने पर कुल किराए का 25% हिस्सा काट लिया जाएगा।
  • 8 से 24 घंटे के बीच: ट्रेन छूटने से 8 से 24 घंटे पहले टिकट रद्द कराने पर किराए का 50% हिस्सा कटौती के रूप में काटा जाएगा।
  • बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव: यात्रियों को राहत देते हुए अब ट्रेन चलने से 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने की सुविधा दी गई है।

4. पैन कार्ड बनवाना अब मुश्किल

अब नया पैन कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड काफी नहीं होगा। 1 अप्रैल से आपको जन्म प्रमाण पत्र, वोटर आईडी, 10वीं की मार्कशीट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज भी देने होंगे।

Read More:-‘राम केवल एक किरदार नहीं’: रणबीर कपूर ने लॉस एंजिल्स में समझाया ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ का अर्थ

5. डिजिटल पेमेंट और UPI में बढ़ी सुरक्षा

अब ऑनलाइन पेमेंट के लिए सिर्फ OTP काफी नहीं होगा। डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए ‘टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ जरूरी कर दिया गया है। यानी अब OTP के साथ आपको PIN, पासवर्ड या फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल भी करना पड़ सकता है।

6. ATM से पैसे निकालना होगा महंगा

एटीएम से तय सीमा (फ्री लिमिट) के बाद पैसे निकालने पर ज्यादा चार्ज देना होगा। उदाहरण के लिए, HDFC बैंक के एटीएम से 5 फ्री ट्रांजैक्शन के बाद UPI के जरिए कैश निकालने पर 23 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क लगेगा।

7. FASTag हुआ महंगा

नेशनल हाईवे पर सफर करना अब थोड़ा महंगा हो जाएगा। NHAI ने FASTag के सालाना पास की कीमत 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये कर दी है।

8. क्रेडिट स्कोर जल्दी होगा अपडेट

RBI के नए नियमों के अनुसार, अब बैंकों को हर हफ्ते लोन की जानकारी अपडेट करनी होगी। इसका फायदा यह होगा कि अगर आप समय पर किस्त चुकाते हैं, तो आपका क्रेडिट स्कोर अब हर हफ्ते अपडेट होगा, जिसके लिए पहले महीने भर का इंतजार करना पड़ता था।

9. सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) पर टैक्स

अगर आपने शेयर बाजार से गोल्ड बॉन्ड खरीदे हैं, तो अब उस पर होने वाले मुनाफे पर 12.5% टैक्स देना होगा। हालांकि, सीधे RBI से खरीदे गए बॉन्ड को मैच्योरिटी तक रखने पर टैक्स छूट मिलती रहेगी।

10. गैस सिलेंडर के दाम और शेयर बाजार

हर महीने की पहली तारीख की तरह, 1 अप्रैल को भी LPG गैस सिलेंडरों की नई कीमतें जारी होंगी। साथ ही, शेयर बाजार में फ्यूचर्स एंड ऑप्शन्स (F&O) ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ने से निवेशकों की लागत बढ़ सकती है।

Read More:- देश में नक्सलवाद पर बड़ा अपडेट: खत्म होने की कगार पर नक्सली नेटवर्क, सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता

Related Articles

Back to top button