लड़कियों के साथ में डांस करने से रोकने पर दबंगों ने 10 साल की लड़की को पेट्रोल डालकर जलाया

Bihar: हाजीपुर (Hajipur) के बरारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बहुआरा से एक खौफनाक घटना सामने आई है। एक शादी समारोह (Wedding Ceremony) में डांस करने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ दबंगों ने 10 साल की लड़की पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। लड़की को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रहे है।
बहुआरा में बुधवार की रात एक घर के सामने से बारात गुजर रही थी। बारात में मोहल्ले की लड़कियां डांस कर रही थीं। इसी दौरान कुछ मनचले लड़के आए और लड़कियों के साथ जबरदस्ती डांस करने लगे। लड़के डांस के बहाने छेड़खानी भी कर रहे थे। इसलिए लड़कियों ने इसका विरोध किया। विरोध के बाद ये लड़के वहां से चले गए।
उसके बाद रात का समय था। इसी का फायदा उठाकर इन लड़कों ने 10 साल की एक लड़की को पकड़ लिया। उसके बाद इन मनचलों ने लड़की पर पेट्रोल डाला और उसको जिंदा जला दिया। छठी कक्षा में पढ़ने वाली यह लड़की आग में बुरी तरह से झुलस गई है। उसे इलाज के लिए हाजीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है।
महुआ थाने की एसडीपीओ (SDPO) पूनम केसरी ने बताया, कि शादी में डांस करने को लेकर दूसरे मोहल्ले के लड़कों से विवाद हुआ था। वारदात वाली जगह से जले कपड़े और केरोसिन जैसी चीजें बरामद की गई है। अभी आरोपी फरार हो गए हैं। लेकिन पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।