बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया विशेष आर्थिक पैकेज का ऐलान

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने राज्य के औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में बड़ा ऐलान किया है। शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उद्यमियों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2020 में “सात निश्चय-2” योजना के तहत 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे सरकार ने पूरा कर लिया है। अब अगले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया गया है।
विशेष आर्थिक पैकेज की मुख्य बातें
- कैपिटल सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और जीएसटी प्रोत्साहन राशि को दोगुना किया जाएगा।
- सभी जिलों में उद्योग लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। अधिक रोजगार देने वाले उद्योगों को जमीन मुफ़्त में दी जाएगी।
- उद्योग से जुड़ी भूमि विवाद की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
- अगले छह महीने के भीतर उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
- इसके अलावा सरकार ने संकेत दिया है कि कई अन्य प्रावधान भी जोड़े जाएंगे, जिनकी विस्तृत अधिसूचना शीघ्र जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री का विज़न
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बिहार में औद्योगिक माहौल को और मज़बूत करना है, ताकि राज्य के युवा आत्मनिर्भर बन सकें और बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हों। निजी निवेश बढ़ने से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।