न्यूज़राज्य

संगठित होकर कार्य करने से बनता है इतिहास

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कीर समाज के महासम्मेलन को वर्चुअली संबोधित किया

 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जो समाज संगठित होकर कार्य करता है, वही इतिहास रचता है। कीर समाज को भगवान श्रीराम का सानिध्य प्राप्त हुआ और उन्होंने बिना किसी प्रतिफल की अपेक्षा किए भगवान श्रीराम को भवसागर पार करवाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही कीर समाज की राज्य स्तरीय पंचायत राजधानी में आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास से उज्जैन में हुए कीर समाज के महासम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कीर समाज ने भगवान श्रीराम को ईश्वर स्वरूप पहचान कर उनकी सेवा की। आज यह समाज शिक्षा प्रसार, नशा मुक्ति और अन्य रचनात्मक कार्यों के माध्यम से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि अधोसंरचना विकास और शिक्षा को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकता है। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप, वहीं छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तकें और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे शिक्षा अर्जन सरल हुआ है। मुख्यमंत्री ने महासम्मेलन में उपस्थित बहनों से संवाद किया और लाड़ली बहना योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री ने समाज को संस्कृति के पर्व मिलकर मनाने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक-आध्यात्मिक चेतना के क्षेत्र में संगठित प्रयासों के लिए बधाई दी।

महासम्मेलन की शुरुआत प्रदेश कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण और विचार-विमर्श सत्र से हुई। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मां पूरी बाई कीर कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गया प्रसाद कीर, समाज के प्रदेश अध्यक्ष कोमल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button