
रोहतास (बिहार)। बिहार में निवास प्रमाण पत्र के लिए आए एक अजीबो-गरीब आवेदन ने जिला प्रशासन की नींद उड़ा दी है। रोहतास के नासरीगंज में प्राप्त इस आवेदन में आवेदक का नाम ‘कैट कुमार’, पिता का नाम ‘कैटी बॉस’ और मां का नाम ‘कैटिया देवी’ दर्ज था। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि आवेदन के साथ लगाई गई फोटो में भी एक बिल्ली गर्व से मुस्कुराती नजर आ रही थी।
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने इस मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। फिलहाल पुलिस आवेदन में दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर उस शरारती व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने सरकारी सिस्टम के साथ यह “बिल्ली-चूहा” खेल खेला।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पूरे बिहार में मतदाता सूची और निवास प्रमाण पत्र के अपडेट का काम जोरों पर है। ऐसे फर्जी और मजाकिया आवेदन न केवल प्रशासन के काम में बाधा डाल रहे हैं, बल्कि यह भी दिखा रहे हैं कि सिस्टम में निगरानी और सत्यापन की प्रक्रिया में बड़ी खामियां हैं।
विपक्ष ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “जहां इंसानों की फाइलें धूल खा रही हैं, वहां बिल्लियां भी वीआईपी ट्रीटमेंट पा रही हैं।”
अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि इस “कैट-सीटी” खेल का असली ‘म्याऊं मास्टर’ कब पुलिस के हत्थे चढ़ता है।




