भक्तों का इंतजार खत्म, इस दिन खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट
महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई है।

महादेव के भक्तों का इंतजार अब खत्म होने वाला है।महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने की तारीख की घोषणा कर दी गई है।
बता दें कि केदारनाथ के कपाट हर साल सर्दियों में बंद हो जाते हैं, क्योंकि मंदिर पहाड़ों पर स्थित है, जहां सर्दियों के समय भारी बर्फबारी होती है। बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर आवाजाही मुश्किल हो जाती है। इसलिए हर साल सर्दियों की शुरुआत से पहले मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं।
केदारनाथ धाम के खुलने का इंतजार भक्त लंबे समय से कर रहे थे। अब 11,968 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ धाम 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8:00 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। यह मंदिर हिंदू धर्म के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और चारधाम यात्रा का अहम हिस्सा माना जाता है।
साथ ही, इस बार बाबा केदारनाथ धाम के मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी टी. गंगाधर लिंग को सौंपी गई है।
वहीं, गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के दिन खोले जाएंगे। तिथि की घोषणा के बाद से ही दर्शन के लिए पंजीकरण की रफ्तार तेज हो गई है।
श्रद्धालुओं को मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। हिमालय स्थित इन तीर्थ स्थलों की वार्षिक यात्रा की तैयारियां भी शुरू की जा सकती हैं।




