क्या आज राजपाल यादव को तिहाड़ जेल से मिलेगी बेल?
एक्टर राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल भेजा गयाहै। अब आज कोर्ट का फैसला होने वाला है कि चेक बाउंस केस में एक्टर को बेल मिलेगी या नहीं?

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इन दिनों लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्हें हाल ही में 9 करोड़ रुपये के कर्ज और चेक बाउंस मामलों के चलते तिहाड़ जेल में बंद किया गया। वहीं, एक्टर की मांग पर सुनवाई को 16 जनवरी तक टाल दिया गया था। अब आज कोर्ट का फैसला होने वाला है कि चेक बाउंस केस में एक्टर को बेल मिलेगी या नहीं? हालांकि, अभी कुछ कहना मुश्किल है। इसका फैसला जवाब आने पर ही पता चलेगा। लेकिन इससे पहले सोनू सूद ने राजपाल यादव के लिए दुआ मांगी है।
सोनू सूद ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी डालकर लिखा है कि ‘आज हमारे राजपाल यादव भाई के लिए अहम दिन है। दुआ करता हूं कि चीजें सही दिशा में आगे बढ़ें और उन्हें राहत मिले, क्योंकि वो इसे डिजर्व करते हैं। वो रेयर टैलेंट हैं और शानदार इंसान हैं। इस मोमेंट को बर्बाद न किया जाए, हम राजपाल के साथ खड़े हैं और आगे भी रहेंगे, जब तक चीजें सही न हो जाएं।’

वहीं, राजपाल की पत्नी राधा यादव ने परिवार, फैंस और इंडस्ट्री के सपोर्ट के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रिहाई के बाद अभिनेता खुद इस मामले पर खुलकर बात करेंगे।
एक्टर के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोग आगे आए हैं। इसमें सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन, रतन जैन, वरुण धवन समेत कई हस्तियों का नाम शामिल है। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या एक्टर ने तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले मदद मांगी थी, तो उनके मैनेजर ने कुछ भी कहने से मना कर दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि ऐसे ट्रांजैक्शन रातों-रात नहीं होते।
क्यों करना पड़ा सरेंडर
राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए 2010 में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (M/s Murali Projects) नाम की कंपनी से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। इसके साथ ही ब्याज के साथ 8 करोड़ चुकाने की डील की थी। हालांकि, यह फिल्म सिनेमा घरों में फ्लॉप साबित हुई और उन्होंने अब तक यह रकम नहीं चुकाई। उन्होंने 7 चेक दिए थे, जो बाउंस हो गए। इसी के चलते उन्हें जेल भेजा गया।
