
Bihar Assembly Elections 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग अगले महीने यानी अक्टूबर में बड़ी घोषणा कर सकता है। अनुमान है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में आधिकारिक तारीखें सामने आ जाएंगी।
जानकारी ये भी है कि इस बार बिहार में दो या तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा। वहीं, मतगणना की संभावित तारीख 15 से 20 नवंबर के बीच बताई जा रही है।
22 नवंबर के पहले पूरी कर ली जाएगी प्रक्रिया
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जो खबर निकलकर आ रही है उसके अनुसार, पूरी चुनावी प्रक्रिया 22 नवंबर की तय समय-सीमा से पहले ही पूरी कर ली जाएगी।दुर्गा पूजा और दशहरा के बाद चुनाव की घोषणा होगी, जबकि मतदान की तारीखें छठ पूजा के बाद रखी जाएंगी।
चुनावी तैयारियों में जुटी राजनीतिक पार्टियां
बिहार विधानसभा चुनाव की आधिकारिक घोषणा भले ही अभी बाकी हो, लेकिन राजनीतिक हलचलें तेज हो चुकी हैं। सत्ताधारी एनडीए लगातार सम्मेलन कर अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहा है, वहीं विपक्षी इंडिया गठबंधन ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के जरिए जनता तक पहुंचने की कोशिश में जुटा है। इसी बीच दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री और बिहार बीजेपी नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

