महिला आरक्षण बिल पर सियासत तेज, पीएम मोदी आज रात 8:30 बजे देश को करेंगे संबोधित
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास न होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी आज देश को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब एक दिन पहले लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन बिल पास नहीं हो पाया। लोकसभा में इस बिल को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत थी, लेकिन सरकार जरूरी आंकड़ा हासिल नहीं कर सकी। वोटिंग में कुल 528 सांसदों ने हिस्सा लिया, जिनमें 298 ने बिल के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया। बहुमत के लिए 352 वोट जरूरी थे।
यह बिल 2029 से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के उद्देश्य से लाया गया था। बिल गिरने के बाद सरकार ने परिसीमन बिल 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन बिल को भी आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि पिछले 12 साल में यह पहला मौका है जब मोदी सरकार का कोई बड़ा बिल वोटिंग के बाद संसद में पास नहीं हो सका। ऐसे में पीएम मोदी अपने संबोधन में इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रख सकते हैं और आगे की रणनीति बता सकते हैं।
Read More:- Hormuz Strait Crisis: ट्रंप के बयान के बाद ईरान ने फिर बंद किया हॉर्मुज, भारतीय टैंकर लौटे वापस
विपक्ष ने इस बिल का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए कुछ राज्यों, खासकर दक्षिण भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व कम करना चाहती है। इस मुद्दे पर संसद में काफी हंगामा भी हुआ। वोटिंग से पहले पीएम मोदी ने सभी दलों से बिल के समर्थन में मतदान करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि देश की महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
शनिवार सुबह हुई कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने विपक्ष के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करना विपक्ष की बड़ी राजनीतिक गलती है और उन्हें इसके लिए भविष्य में पछताना पड़ेगा।प्रधानमंत्री ने मंत्रियों और नेताओं को निर्देश दिया कि इस मुद्दे को देश के हर गांव और घर तक पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को विपक्ष की सोच के बारे में पता चल सके।




