
दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय रह गया है, इससे पहले बीजेपी और कांग्रेस के कई नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहें है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को ‘एम्बुलेंस मैन’ के नाम से प्रसिद्ध बीजेपी के पूर्व विधायक पद्मश्री जितेन्द्र सिंह शंटी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए है।
बृहस्पतिवार को शाहदरा से आम आदमी पार्टी के विधायक राम निवास गोयल ने राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इसके तुरंत बाद ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केरजीवाल ने श्री जितेन्द्र सिंह शंटी को AAP में शामिल करा लिया। केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसका ऐलान किया। अब आम आदमी पार्टी शंटी को राम निवास गोयल की जगह शाहदरा से चुनावी मैदान में उतार सकती है।
कौन हैं जितेंद्र सिंह शंटी?
जितेंद्र सिंह शंटी साल 2013 में शाहदरा से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। 2 बार झिलमिल वार्ड से पार्षद भी रह चुके है। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें AAP के राम निवास गोयल के मुकाबले हार का सामना करना पड़ा। हार का सामने करने के बाद शंटी राजनीति से ज्यादा समाज सेवा में सक्रिय हो गए थे। पद्म श्री से सम्मानित जितेन्द्र सिंह शंटी ने कोरोना महामारी के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों की सहायता करी थी। शंटी ने बताया की अब तक वह 106 बार रक्तदान का रिकॉर्ड बना चुके हैं। साथ ही उन्होंने शहीद भगत सिंह सेवा दल फाउंडेशन की स्थापना भी की है। वह बीमार लोगों को एम्बुलेंस उपलब्ध कराते है और रक्त दान कैंप भी लगाते है। जिस वजह से उन्हें ‘एम्बुलेंस मैन’ के नाम से जाना जाता है।
दिल्ली में सियासी घमासान
दिल्ली में अगले साल ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले दिल्ली में राजनीति दलों के बीच उथल-पुथल मची हुई है। सभी पार्टियां जोरों-शोरों से चुनावी प्रचार में लगी हुई है। आम आदमी पार्टी को टक्कर देने के लिए बीजेपी भी मजबूती से चुनावी रण में कूद चुकी है। साथ ही कांग्रेस भी अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। दिल्ली में ये मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। चुनाव से पहले ही नेता भी एक दल छोड़ दूसरे दल का दामन थामने में लगे हुए है। बीजेपी और आप के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने भी आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है और अरविंद केजरीवाल पर हमलावर हैं।