Gas Supply Crisis: कहीं ऑनलाइन बुकिंग ठप, कहीं सिलेंडर के लिए लंबी लाइनें, देशभर में LPG को लेकर बढ़ी चिंता
मध्य पूर्व में जारी तनाव का असर अब भारत में LPG गैस सप्लाई पर दिखने लगा है। कई शहरों में सिलेंडर बुकिंग में दिक्कत, गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें और कमर्शियल गैस की कमी से होटल व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। The ongoing tensions in the Middle East are now affecting LPG gas supplies in India. In many cities, cylinder booking problems, long lines at gas agencies, and a shortage of commercial gas are also affecting the hotel business.

LPG Cylinder Shortage: कहीं गैस बुकिंग में दिक्कत तो कहीं एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
मध्य पूर्व ईरान – इजराइल तनाव (Iran-Israel tensions) और गैस सप्लाई पर पड़े असर का प्रभाव अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता के चलते देश के कई शहरों में LPG गैस सिलेंडर की उपलब्धता और बुकिंग को लेकर परेशानी बढ़ गई है। दिल्ली, मुंबई, रांची, भोपाल और कई अन्य शहरों में लोग सिलेंडर पाने के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
हाल ही में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। कई जगहों पर उपभोक्ताओं को ऑनलाइन गैस बुकिंग (Online Gas Booking), डिलीवरी और सप्लाई से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली-NCR में LPG बुकिंग में आ रही दिक्कत
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में लोगों को गैस सिलेंडर बुक कराने में कठिनाई हो रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि न तो उनकी ऑनलाइन बुकिंग हो पा रही है और न ही टोल-फ्री नंबरों पर कॉल सही से लग पा रही है।
सरकार की ओर से जारी बुकिंग नंबरों में से एक 7718955555 पर कई बार कॉल करने पर या तो कॉल कनेक्ट नहीं होती, नंबर बंद बताता है या फिर “नॉट इन यूज” का मैसेज आता है।
इस वजह से बड़ी संख्या में लोग सीधे गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं, जहां सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी के लिए लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं।
देखें वीडियों 👇
मुंबई में लोग तलाश रहे हैं गैस के विकल्प
मुंबई में भी एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और कीमतों में बढ़ोतरी के बाद लोगों ने बिजली से चलने वाले किचन उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ाना शुरू कर दिया है।
बाजार में इन दिनों इन उपकरणों की मांग तेजी से बढ़ी है:
- इलेक्ट्रिक कुकर
- माइक्रोवेव ओवन
- ओटीजी ओवन
- टोस्टर और ग्रिल
- इलेक्ट्रिक तवा
- एयर फ्रायर
- मल्टी कुकर
- इलेक्ट्रिक स्टीमर
- हॉट प्लेट
व्यापारियों के अनुसार अगर आने वाले दिनों में गैस सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो इन उपकरणों की मांग और बढ़ सकती है।
होटल और रेस्टोरेंट पर भी पड़ा असर
गैस सप्लाई में कमी का असर अब होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर भी दिखाई देने लगा है। मुंबई में कई गैस एजेंसियां फिलहाल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए कमर्शियल गैस सप्लाई सीमित कर रही हैं।
इसका असर शहर के मशहूर और पुराने होटलों तक पर पहुंच गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (Chhatrapati Shivaji Maharaj Terminus) के पास स्थित लगभग 178 साल पुराना ‘पंचम पुरीवाला’(Pancham Puriwala) होटल भी इस संकट से प्रभावित है।
1848 में शुरू हुए इस ऐतिहासिक होटल में पहले करीब 79 तरह के मेनू आइटम मिलते थे, लेकिन गैस की कमी के कारण अब यहां सिर्फ दो डिश — पूरी-भाजी और आमरस-पूरी — ही परोसी जा रही हैं।
झारखंड और अन्य राज्यों में भी लंबी कतारें
गैस की बढ़ती कीमत और सप्लाई में देरी का असर झारखंड (Jharkhand) की राजधानी रांची में भी देखने को मिल रहा है। यहां गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही हैं।
कई लोग सिलेंडर लेकर बाइक या अन्य साधनों से घर जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कई इलाकों में डोर-टू-डोर गैस डिलीवरी भी प्रभावित होने लगी है, जिससे लोगों को खुद एजेंसी जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है।

25 दिन बाद ही मिलेगा दूसरा सिलेंडर
नई व्यवस्था के अनुसार, अब उपभोक्ताओं को दूसरा गैस सिलेंडर 25 दिनों के बाद ही मिलेगा। पहले जरूरत पड़ने पर दूसरा सिलेंडर जल्दी मिल जाता था, लेकिन नए नियम के बाद कई परिवारों में चिंता बढ़ गई है।
विशेष रूप से बड़े और संयुक्त परिवारों को इससे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि उनकी गैस खपत ज्यादा होती है।
Read More:- पेट्रोलियम और नैचुरल गैस की सप्लाई पर सरकार सख्त, Essential Commodities Act 1955 लागू
पेट्रोल पंपों पर भी बढ़ी भीड़
गैस सप्लाई के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल को लेकर भी लोगों में चिंता दिखाई दे रही है। कई शहरों के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में भी पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

गैस की उपलब्धता को लेकर MGL का बयान
हालांकि महानगर गैस लिमिटेड (MGL) का कहना है कि फिलहाल CNG और PNG गैस की सप्लाई सामान्य है। कंपनी के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस उपलब्ध है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण औद्योगिक और वाणिज्यिक गैस सप्लाई पर कुछ असर पड़ सकता है।
सरकार ने लोगों से घबराने से किया मना
इंडियन ऑयल के अधिकारियों का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव का असर फिलहाल कीमतों पर पड़ा है, लेकिन स्थिति लंबे समय तक रहने की संभावना कम है।
सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर जमा न करने और संयम बनाए रखने की अपील की है।




