Delhi Cold Wave: पहाड़ों से भी ज्यादा ठंडी है दिल्ली, शीतलहर से कांपे लोग

दिल्ली में तीन दिन से शीतलहर (Cold Wave) के कहर से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी कम हो गई है। इसका यातायात पर भी असर पड़ रहा है। दिल्ली भले ही पहाड़ी इलाकों के करीब है, लेकिन अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण यहां बर्फबारी नहीं हो सकती। मौसम विभाग का कहना है, कि सुबह के बाद से थोड़ा कोहरा हटने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रविवार से ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे सफदरजंग में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के रिज इलाकों का तापमान 1.5 डिग्री और आयानगर का 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डलहौजी से धर्मशाला-कांगड़ा, शिमला, मसूरी और नैनीताल की तुलना में दिल्ली में ठंड ज्यादा पड़ रही है।
दिल्ली के आया नगर में शुक्रवार को सबसे कम तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया था। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है। जबकि जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार होने से घाटी में भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इसपर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।