CM Attack:जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी गिरफ्तार।

Rekha Gupta Attacked: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आज 20 अगस्त सुबह उनके आवास पर आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला हो गया।एक शख्स ने सिविल लाइंस स्थित सरकार आवास पर जनसुनवाई के दौरान हमला किया। उन्हें कई थप्पड़ मारे गए और उनके बाल भी पकड़े गए। हमलावर, जो खुद को शिकायतकर्ता बताकर बैठक में पहुंचा था, अचानक मुख्यमंत्री पर टूट पड़ा।
कैसे हुआ हमला?
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लगभग 41 वर्षीय व्यक्ति है जो कुछ दस्तावेज़ों के साथ जनसुनवाई में शामिल हुआ था। वह कागजात दिखाने के बहाने मुख्यमंत्री के करीब आया और बातचीत के दौरान अचानक उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा और उनके बाल खींचने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
मुख्यमंत्री को पहुंचाया गया अस्पताल
हमले के बाद रेखा गुप्ता को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
हमले की राजनीति में गूंज
घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसी महिला, वो भी राज्य की मुख्यमंत्री, पर इस तरह का हमला हुआ है। वे दिन-रात काम करती हैं और राजनीति में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”
वहीं दिल्ली सरकार में मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने भी घटना की आलोचना करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री के जनसेवा के जमीनी प्रयासों से कुछ विपक्षी दल बौखला गए हैं और इस तरह की घटनाओं से उनका डर साफ झलकता है।”
आतिशी ने भी की हमले की निंदा
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी घटना की निंदा की।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह है, लेकिन हिंसा का कोई स्थान नहीं। आतिशी ने उम्मीद जताई कि पुलिस दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी और मुख्यमंत्री शीघ्र स्वस्थ होंगी।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना ने मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखा जाना बाकी है कि हमलावर की मंशा क्या थी और वह सुरक्षा जांच के बावजूद जनसुनवाई तक कैसे पहुंचा।
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इसे बड़ी सुरक्षा चूक माना जा रहा है।पुलिस आयुक्त एसबीके सिंह खुद इस जांच की निगरानी करेंगे। चूंकि ‘जनसुनवाई’ हर हफ्ते मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित की जाती है, इसलिए इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और हमले के पीछे की मंशा का पता लगाया जा रहा है।




