कौन है TMC नेता जहांगीर खान? नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तारी के बाद बंगाल की राजनीति में मचा हड़कंप
पश्चिम बंगाल की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब टीएमसी नेता और फालता विधानसभा सीट से उम्मीदवार रहे जहांगीर खान को पश्चिम बंगाल पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद बंगाल की सियासत फिर गरमा गई है।

कौन है जहांगीर खान?
जहांगीर खान दक्षिण 24 परगना जिले के फालता इलाके में टीएमसी का बड़ा चेहरा माना जाता है। वह लंबे समय से इलाके की राजनीति में सक्रिय रहा है और टीएमसी संगठन में मजबूत पकड़ रखता है। 2026 विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने उसे फालता सीट से उम्मीदवार बनाया था।
क्यों चर्चा में आया था नाम?
फालता सीट पर चुनाव के दौरान भारी विवाद हुआ था। आरोप लगे थे कि मतदान के दौरान गड़बड़ी और हिंसा हुई, जिसके बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था। इसी विवाद के बीच जहांगीर खान लगातार सुर्खियों में बना रहा।
चुनाव प्रचार के दौरान जहांगीर खान ने खुद को फिल्म ‘पुष्पा’ से जोड़ते हुए बयान दिए थे, जिसके बाद वह सोशल मीडिया और राजनीतिक बहसों में काफी वायरल हुआ। बाद में उसने अचानक चुनावी मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
अब क्यों हुई गिरफ्तारी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहांगीर खान कई मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर था और पिछले कुछ दिनों से फरार चल रहा था। सोमवार को STF ने उसे नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे कई मामलों में पूछताछ कर सकती है।
राजनीति गरमाई
बीजेपी ने इस गिरफ्तारी को “टीएमसी के नेताओं पर बढ़ती कार्रवाई” बताया है, जबकि टीएमसी इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई कह रही है। आने वाले दिनों में यह मामला बंगाल की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।




