राष्ट्रपति मुर्मू का आज से मथुरा-वृंदावन का तीन दिवसीय दौरा, इन रास्तों पर रहेगी ‘नो एंट्री’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 से 21 मार्च तक मथुरा-वृंदावन के दौरे पर है, जिसमें इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर के दर्शन करेंगी। जिसे लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं।

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। गुरुवार (19 मार्च) को अयोध्या में रामलला के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद राष्ट्रपति अब कान्हा की नगरी मथुरा और वृंदावन पहुंच रही हैं। वे 19 से 21 मार्च तक ब्रज क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगी, जिसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने किया स्वागत
राष्ट्रपति के उत्तर प्रदेश आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया। अयोध्या में राम मंदिर पहुंचकर राष्ट्रपति ने भक्तिभाव से पूजा की। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘श्रीराम को नमन करना और भारत मां का वंदन करना हमारे लिए एक समान है।’ मुख्यमंत्री स्वयं मंदिर परिसर में उनके साथ मौजूद रहे। अयोध्या के कार्यक्रम संपन्न करने के बाद वे शाम को वृंदावन के लिए रवाना हुईं।
वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में दर्शन करेंगी राष्ट्रपति
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 19 मार्च की शाम करीब 5-6 बजे वृंदावन पहुंचेंगी। यहां वे विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगी। 20 मार्च को उनका दिन आध्यात्मिक मुलाकातों और समाज सेवा के नाम रहेगा। वे प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से आध्यात्मिक चर्चा करेंगी और उड़िया बाबा व नीव करोरी बाबा आश्रम भी जाएंगी। साथ ही, वे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में कैंसर यूनिट का उद्घाटन करेंगी और वात्सल्य ग्राम का दौरा भी करेंगी।
Read More:- Navratri Day 1: मां शैलपुत्री कौन हैं? जानें नवरात्रि के पहले दिन की पूजा विधि, मंत्र, भोग और शुभ रंग
गोल्फ कार्ट से करेंगी गोवर्धन की परिक्रमा
दौरे के अंतिम दिन, यानी 21 मार्च को राष्ट्रपति गोवर्धन जाएंगी। सुबह 9 बजे दानघाटी मंदिर में पूजा करने के बाद वे गोल्फ कार्ट के जरिए गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करेंगी। राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम को लेकर बुधवार को ही पुलिस और प्रशासन ने पूरे रूट पर “फुल ड्रेस रिहर्सल” कर सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से परखा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए ‘थ्री-टियर’ सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। इसमें 8 जिलों के फोर्स के साथ करीब 3,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। खुफिया एजेंसियां और पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही हैं। जब तक राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा, तब तक संबंधित मार्ग ‘जीरो ट्रैफिक जोन’ रहेंगे, यानी वहां किसी भी आम वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
राष्ट्रपति के दौरे के कारण 19 और 20 मार्च को वृंदावन और मथुरा में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी- छटीकरा, पानीगांव और यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर से आने वाले भारी वाहनों को शहर के बाहर ही रोक दिया जाएगा।
इस्कॉन मंदिर मार्ग, अटाल्ला चुंगी और मसानी चौराहे से वृंदावन की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
इस्कॉन और प्रेम मंदिर में राष्ट्रपति की मौजूदगी के दौरान आम जनता का प्रवेश अस्थायी रूप से बंद रहेगा। दर्शन के बाद ही मंदिर फिर से खोले जाएंगे।
प्रशासन ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें और पुलिस की एडवाइजरी का पालन करें।




