मोनालिसा भोसले की जान को खतरा! मुस्लिम युवक से शादी के बाद मिली 'काटने' की धमकी
महाकुंभ 2025 की वायरल गर्ल मोनालिसा भोसले एक बार फिर चर्चा में हैं। केरल में फरमान खान से शादी के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

2025 के महाकुंभ मेले में रुद्राक्ष बेचते हुए रातों-रात इंटरनेट पर छा जाने वाली मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वजह उनकी कोई तस्वीर नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला है। हाल ही में केरल में मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान से शादी कर ली है। वहीं, वायरल गर्ल के परिवार वाले इसे ‘लव जिहाद’ का नाम दे रहे हैं। अब मोनालिसा ने अपनी जान की सुरक्षा के लिए सरकार और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मांगी मदद
मोनालिसा और उनके पति फरमान खान ने फेसबुक पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया है। वीडियो में मोनालिसा काफी डरी हुई नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं और मेरे पति फरमान यह वीडियो और एक पत्र मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर और मीडिया को मेल कर रहे हैं। प्लीज हमारी मदद करें, हमें सरेआम मारने और काट डालने की धमकियां दी जा रही हैं।”
क्यों हो रहा है विरोध?
मोनालिसा और फरमान की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हो रहा है। अलग-अलग धर्मों के होने के कारण कई लोग इस शादी की आलोचना कर रहे हैं और इसे ‘लव जिहाद’ का नाम दे रहे हैं। मोनालिसा के परिवार ने भी इस शादी पर आपत्ति जताई थी, लेकिन दोनों ने केरल पुलिस से सुरक्षा मांगते हुए स्पष्ट किया था कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं।
केरल सरकार ने दिया था साथ
विवादों के बीच, मोनालिसा ने केरल सरकार और वहां के प्रशासन का शुक्रिया अदा किया है। उनकी शादी 11 मार्च 2026 को केरल के एक मंदिर (अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर) में हुई थी। इस शादी में केरल के शिक्षा मंत्री समेत कई बड़े नेता आशीर्वाद देने पहुंचे थे। फरमान ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि एक मंदिर में उनकी शादी इतनी भव्य होगी।
Read More:- उत्तम नगर में भारी सुरक्षा के बीच मनाई गई ईद, तरुण की मौत के बाद चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी?
मोनालिसा पहली बार साल 2025 के महाकुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई थीं, जहां रुद्राक्ष की माला बेचते हुए उनकी सादगी और मासूमियत भरी तस्वीरों ने उन्हें रातों-रात सोशल मीडिया पर ‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ के रूप में पहचान दिला दी थी।
इसी प्रसिद्धि के बाद उन्हें मनोरंजन जगत के अवसर मिलने लगे और रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक फिल्म प्रोजेक्ट पर काम करने के दौरान उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई। सेट पर साथ काम करते हुए दोनों के बीच पहले गहरी दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। धार्मिक और सामाजिक मतभेदों के बावजूद, दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाने का फैसला किया और 11 मार्च 2026 को केरल के एक मंदिर में शादी के बंधन में बंध गए।
सुरक्षा की मांग
कपल ने आधिकारिक तौर पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मोनालिसा का कहना है कि वे सभी धर्मों का सम्मान करती हैं और उनके लिए इंसानियत सबसे ऊपर है। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है।




