
नासिक में एक बड़ी कंपनी से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की एक यूनिट में जबरन धर्म परिवर्तन और यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। इस मामले में आरोपी बताई जा रही निदा खान फिलहाल फरार है, लेकिन अब उसकी लोकेशन मुंबई बताई जा रही है।
निदा खान ने नासिक की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया है। उसने अपनी अर्जी में कहा है कि वह गर्भवती है, इसलिए उसे राहत दी जाए। पुलिस अब उसके इस दावे की मेडिकल जांच करवाने की तैयारी कर रही है।
इस केस में एक नया खुलासा भी हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, निदा खान TCS में एचआर मैनेजर नहीं बल्कि टेलीकॉलर के पद पर काम करती थी। हालांकि, पुलिस इस बात की जांच कर रही है।
मामले की जांच के लिए SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) बनाई गई है, जो लगातार आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। अब तक इस केस में 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 6 पुरुष और 1 महिला एचआर हेड शामिल हैं।
Read More:- OYO Viral Video: कॉलेज के बहाने प्रेमी संग होटल पहुंची बेटी, अचानक मां ने पुलिस के साथ मारी एंट्री; फिर जो हुआ…
पुलिस के मुताबिक, कंपनी में काम करने वाली कई महिला कर्मचारियों ने शिकायत की है कि उनके साथ मानसिक और यौन उत्पीड़न हुआ। कुछ आरोपियों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने शादी का झूठा वादा करके संबंध बनाए और गलत तरीके से छुआ।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कई बार HR और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज किया गया। यहां तक कि एक महिला को शिकायत न करने के लिए कहा गया कि ‘ऐसी बातें तो होती रहती हैं।’
इसके अलावा, एक पुरुष कर्मचारी ने आरोप लगाया कि उसे जबरदस्ती नमाज पढ़ने के लिए कहा गया और उसके धर्म का अपमान किया गया।
शिकायतों के अनुसार, आरोपी एक समूह में काम करते थे और खासकर 18 से 25 साल की महिला कर्मचारियों को निशाना बनाते थे। यह घटनाएं फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच की बताई जा रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कहा है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




