Nitara Harassment Case: अक्षय कुमार की बेटी से जुड़े साइबर केस में एक गिरफ्तार
Nitara Harassment Case: महाराष्ट्र साइबर विभाग ने अक्षय कुमार की बेटी से जुड़े साइबर उत्पीड़न मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है..

Nitara Harassment Case: महाराष्ट्र साइबर विभाग ने बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की बेटी नितारा से जुड़े साइबर उत्पीड़न मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस बारे में जानकारी महाराष्ट्र साइबर विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने एक कार्यक्रम के दौरान दी। बताया गया कि यह घटना उस समय की है जब 13 साल की नितारा एक ऑनलाइन गेम खेल रही थी। गेम के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे बातचीत शुरू की। शुरुआत में वह व्यक्ति सामान्य और विनम्र तरीके से बात करता रहा, जिससे किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। धीरे-धीरे उसने नितारा से उसकी निजी जानकारी जैसे कि वह कहां रहती है और उसका जेंडर क्या है, पूछना शुरू किया।
कुछ समय बाद उस व्यक्ति ने बातचीत का रुख बदलते हुए नितारा से उसकी न्यूड तस्वीरें भेजने की मांग की। इस अनुचित मांग से घबराकर नितारा ने तुरंत गेम बंद कर दिया और अपनी मां ट्विंकल खन्ना को पूरी घटना के बारे में बताया। नितारा की इस सतर्कता के बाद परिवार ने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लिया।
Read More:-AAP से BJP में गए 7 सांसदों पर भगवंत मान का तंज, बोले—‘मसाले मिलकर स्वाद बढ़ाते हैं, खुद की पहचान नहीं बनातें’
इसके बाद अक्षय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर महाराष्ट्र साइबर विभाग ने जांच शुरू की। जांच के बाद अब इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, आरोपी के बारे में अधिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
अक्षय कुमार ने अक्टूबर 2025 में एक साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान इस घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि आजकल बच्चे ऑनलाइन गेम्स और सोशल मीडिया के जरिए आसानी से अजनबियों के संपर्क में आ जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी थी कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें इंटरनेट के खतरों के बारे में जागरूक करें।
यह घटना एक बार फिर से यह दिखाती है कि साइबर अपराध किस तरह बच्चों को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि बच्चे और माता-पिता दोनों ही सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।




