
बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान को पहले भी जान से मरने की धमकी मिल चुकी है। पिछले साल अप्रैल में दो बाइक सवारों ने सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर चार गोलियां चलाई थीं। एक बार फिर से बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को जान से मरने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले एक शख्स को पुलिस ने गुजरात के वडोदरा जिले से ढूंढ निकला है।
जांच में पता लगी यह बात
मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला की धमकी वडोदरा के वाघोडिया तालुका में रहने वाले एक शख्स ने भेजी थी। सोमवार को मुंबई पुलिस की एक टीम वाघोडिया पुलिस के साथ उस शख्स के घर पहुंची। जांच में सामने आया कि यह 26 साल का युवक मानसिक रूप से अस्थिर है और उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए मुंबई आने का नोटिस दिया और वापस लौट आई।
रविवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर एक मैसेज आया, जिसमें सलमान खान को धमकी दी गई थी। मैसेज में कहा गया था कि सलमान की गाड़ी को बम से उड़ा दिया जाएगा और उनके घर में घुसकर उन पर हमला किया जाएगा। सलमान को पहले से ही वाई-प्लस सिक्योरिटी दी गई है, लेकिन इस धमकी के बाद मुंबई की वर्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2)(3) के तहत आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया। साथ ही, पुलिस ने सलमान के बांद्रा स्थित घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी।
सलमान खान को पहले भी मिल चुकी है धमकियां
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने भी सलमान को धमकियां दी थीं। गैंग ने सलमान से बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने को कहा था, क्योंकि सलमान पर 1998 में एक काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था। इन धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान को वाई-प्लस सिक्योरिटी दी थी।