नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर पर चला बुलडोज़र, देशद्रोह का मामला भी हुआ दर्ज

महाराष्ट्र के नागपुर में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी और माइनॉरिटी डेमोक्रेटिक पार्टी (MDP) के नेता फहीम खान के घर पर आज (24 मार्च) नगर निगम की ओर से बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। नगर निगम अधिकारियों ने सोमवार को फहीम खान के घर के अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया। नोटिस के बाद भी उसने अवैध ढांचे को नहीं हटाया। घर फहीम खान की पत्नी के नाम पर पंजीकृत है। साथ ही, फहीम खान पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है।
नागपुर हिंसा में अब तक 112 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जिसमें पुलिस उपायुक्त स्तर के तीन अधिकारी और 33 पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। पिछले दिनों हुई गिरफ्तारी में सात और आरोपियों को पकड़ा गया है। 20 और 22 मार्च को कुछ थाना क्षेत्रों से कर्फ्यू हटाया गया था, और रविवार को शेष थाना क्षेत्रों से भी कर्फ्यू हटा लिया गया।
मुख्यमंत्री फडणवीस का बयान
मुख्यमंत्री फडणवीस ने रविवार को यह घोषणा की कि नागपुर में कर्फ्यू हटा लिया गया है क्योंकि स्थिति अब पूरी तरह से शांतिपूर्ण हो चुकी है। उन्होंने कहा, “नागपुर में स्थिति अब सामान्य हो गई है और कर्फ्यू हटाना उचित समझा गया है।” 17 मार्च को हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू लगाए गए थे, लेकिन अब शहर में स्थिति नियंत्रण में है।