Google Maps का 10 साल का सबसे बड़ा अपडेट, 3D नेविगेशन से सफर होगा आसान!
अगर आप Google Maps का इस्तेमाल करके सफर करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। कंपनी ने अपने नेविगेशन ऐप में नया ‘Ask Maps’ फीचर जोड़ा है, जो Gemini AI की मदद से काम करता है। इस फीचर के जरिए अब यूजर्स मैप्स से सीधे सवाल पूछकर बेहतर रास्ता, आसपास के कैफे, पार्किंग और दूसरी जरूरी जानकारी आसानी से जान सकेंगे। साथ ही नया 3D इमर्सिव नेविगेशन ड्राइविंग अनुभव को और आसान और स्मार्ट बनाने वाला है।

अगर आप भी गूगल मैप्स के भरोसे अपनी सफर तय करते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। गूगल ने अपने नेविगेशन ऐप में पिछले 10 साल का सबसे बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने इसमें ‘आस्क मैप्स’ (Ask Maps) नाम का एक शानदार फीचर जोड़ा है, जो Gemini AI की मदद से काम करेगा।
क्या है नया बदलाव?
अब आपको मैप्स पर केवल एड्रेस टाइप करने की जरूरत नहीं है। आप ‘आस्क मैप्स’ बटन दबाकर किसी दोस्त की तरह सवाल पूछ सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, आप पूछ सकते हैं:
1. ‘इस समय मेट्रो से जाना ठीक रहेगा या अपनी कार से?’
2. ‘रास्ते में कोई ऐसा कैफे है जहाँ अच्छी कॉफी और वेज स्टार्टर्स मिलें?’
3. ‘ऐसी जगह बताओ जहाँ लाइव मैच देख सकें और पार्किंग की भी सुविधा हो?’
यह एआई (AI) न केवल आपको जगह बताएगा, बल्कि वहाँ का माहौल कैसा है और वहाँ की मशहूर डिशेज कौन सी हैं, इसके सभी ऑप्शंस दिखाएगा।
Read More:- वंशिका के संग आज सात फेरे लेंगे कुलदीप यादव, जानें कौन हैं उनकी दुल्हनिया
आपकी पसंद का रखेगा ख्याल
इस फीचर की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह आपकी पसंद को याद रखता है। अगर आप अक्सर शाकाहारी खाना पसंद करते हैं, तो किसी नए शहर में भी यह सबसे पहले आपको ‘वेज ऑप्शंस’ ही दिखाएगा। आप इससे जुड़े और सवाल भी पूछ सकते हैं, जैसे- ‘क्या यहाँ पार्किंग आसान है?’
अब 3D में दिखेगा रास्ता
गूगल ने ड्राइविंग के अनुभव को पूरी तरह बदलने के लिए ‘इमर्सिव नेविगेशन’ पेश किया है। अब ड्राइविंग के दौरान रास्ता 3D में दिखाई देगा। इसमें ऊंची इमारतें, फ्लाईओवर और रास्ते के उतार-चढ़ाव बिल्कुल असली जैसे नजर आएंगे। इससे फ्लाईओवर पर चढ़ने या मुड़ने के दौरान होने वाला कंफ्यूजन खत्म हो जाएगा।
भारत में कब मिलेगा अपडेट?
‘आस्क मैप्स’ का रोलआउट भारत और अमेरिका में एंड्रॉइड और आईओएस (iOS) दोनों यूजर्स के लिए शुरू हो गया है। फिलहाल यह अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है, लेकिन गूगल ने वादा किया है कि जल्द ही इसमें हिंदी सपोर्ट भी जोड़ दिया जाएगा। यह सिस्टम गूगल मैप्स पर मौजूद करोड़ों जगहों की सटीक जानकारी पर आधारित है।




