शादी के 10 साल बाद दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के घर गूंजेगी किलकारी
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने शादी के 10 साल बाद अपनी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी सोशल मीडिया पर शेयर की है।

टेलीविजन जगत की सबसे चहेती जोड़ियों में से एक, दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया के घर जल्द ही नन्हा मेहमान आने वाला है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए इस कपल ने सोशल मीडिया पर बेहद खूबसूरत तस्वीरों के साथ अपनी प्रेग्नेंसी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। शादी के करीब 10 साल बाद माता-पिता बनने जा रहे इस जोड़े की खुशी का ठिकाना नहीं है।
मैटरनिटी फोटोशूट के जरिए दी जानकारी
गुरुवार को दिव्यांका और विवेक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। तस्वीरों में दोनों व्हाइट कलर के आउटफिट में ट्विनिंग करते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में कपल नन्हे बच्चे के जूते थामे हुए है, वहीं अन्य तस्वीरों में दिव्यांका अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिख रही हैं। उनके चेहरे की मुस्कान और विवेक का प्यार भरा अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है।
See Photos :- https://www.instagram.com/p/DWDl-L5DdnX/?img_index=1
अपनी खुशी जाहिर करते हुए दिव्यांका ने एक भावुक नोट लिखा। उन्होंने कहा, “10 साल बाद कहानी में एक नया मोड़… कुछ सफर जल्दबाजी के लिए नहीं होते, बल्कि साथ मिलकर तैयार होने के लिए होते हैं। जब आपको लगता है कि कहानी पूरी हो गई, तभी जिंदगी उसमें सबसे सुंदर अध्याय जोड़ देती है। हम माता-पिता बनने वाले हैं।”
Read More:- राष्ट्रपति मुर्मू का आज से मथुरा-वृंदावन का तीन दिवसीय दौरा, इन रास्तों पर रहेगी ‘नो एंट्री’
जून में हो सकती है डिलीवरी
खबरों के मुताबिक, दिव्यांका की डिलीवरी जून के मध्य में होने की संभावना है। पिछले कुछ समय से दिव्यांका लाइमलाइट और बड़े पर्दे से दूर थीं, जिसके बाद से ही उनकी प्रेग्नेंसी की खबरें चल रही थीं। हालांकि पहले उन्होंने इसे अफवाह बताया था, लेकिन अब उन्होंने खुद इस राज से पर्दा उठा दिया है। जल्द ही कपल एक निजी ‘बेबी शॉवर’ सेरेमनी भी होस्ट करने वाला है, जिसमें परिवार के करीबी लोग शामिल होंगे।
‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
दिव्यांका और विवेक की पहली मुलाकात मशहूर टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और 8 जुलाई 2016 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। दिव्यांका को ‘बनूं मैं तेरी दुल्हन’ और ‘इशिता भल्ला’ के किरदार से घर-घर में पहचान मिली, वहीं विवेक के साथ उन्होंने ‘नच बलिए 8’ की ट्रॉफी भी जीती थी।




