Bank Employee Viral Video: भूखे पेट ही द्वारका पहुंच गया बैंककर्मी, आखिर क्या थी उसकी अनोखी शर्त?
भूखे पेट ही द्वारका पहुंच गया बैंककर्मी, आखिर क्या थी उसकी अनोखी शर्त?
Bank Employee Viral Video: दोस्तों के बीच शर्त लगना आम बात है, लेकिन मुंबई के एक बैंक कर्मचारी ने इसे जीतने के लिए ऐसा कदम उठाया कि हर कोई हैरान रह गया। उत्सव कुमार झा नाम के इस शख्स ने अपने दोस्त से आगे निकलने के लिए बिना कुछ खाए-पिए द्वारका तक का सफर तय कर लिया। अब उनकी इस अनोखी कहानी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या थी दोनों दोस्तों के बीच शर्त?
जानकारी के मुताबिक, मुंबई में SBI में काम करने वाले उत्सव कुमार झा और उनके दोस्त इतेश कुमार राय के बीच चार धाम यात्रा पूरी करने को लेकर मुकाबला चल रहा था। दोनों तीन-तीन तीर्थ स्थलों के दर्शन कर चुके थे। उत्सव को द्वारका जाना बाकी था, जबकि इतेश को रामेश्वरम जाना था। उत्सव को पता चला कि उनका दोस्त 4 नवंबर को रामेश्वरम जाने वाला है। ऐसे में उन्होंने उससे पहले द्वारका पहुंचने का फैसला किया, ताकि शर्त जीत सकें।
बिना खाए-पिए पहुंचे द्वारकाधीश मंदिर
उत्सव ने ऑफिस से घर लौटते ही अपना बैग पैक किया और तत्काल ट्रेन टिकट बुक कर द्वारका के लिए रवाना हो गए। इस सफर की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर दर्शन करने तक कुछ खाया-पिया नहीं था। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने वीडियो बनाकर अपने दोस्त को जीत की जानकारी दी।
40 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा वीडियो
उत्सव का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे अब तक 40 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया यूजर्स दोनों दोस्तों के बीच इस मजेदार मुकाबले को खूब पसंद कर रहे हैं। कोई उत्सव की जल्दबाजी की तारीफ कर रहा है, तो कोई उनकी शर्त जीतने के जुनून पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहा है।




