कौन हैं मुस्तफा अहमद, जिन्होंने 'धुरंधर 2' में 'रिजवान शाह' बनकर अपनी एक्टिंग का किया जबरदस्त प्रदर्शन?
फिल्म ‘धुरंधर 2’ में ‘रिजवान शाह’ का दमदार किरदार निभाकर मुस्तफा अहमद सुर्खियों में हैं, बता दें कि दिल्ली के जिम ट्रेनर से बॉलीवुड तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और जुनून की मिसाल है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है। फिल्म ने मात्र 4 दिनों में 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। जहां फिल्म में रणवीर सिंह का जलवा बरकरार है, वहीं ‘रिजवान शाह’ का किरदार निभाने वाले एक्टर मुस्तफा अहमद ने अपनी एक्टिंग से सबका दिल जीत लिया है।
कभी जिम में खोलते थे शटर
आज करोड़ों की कमाई करने वाली फिल्म का हिस्सा बने मुस्तफा की असल जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। एक समय था जब मुस्तफा दिल्ली के जनकपुरी में एक मामूली जिम ट्रेनर थे। वहां उनका काम सुबह 4 बजे उठकर जिम का शटर खोलना था और उनकी महीने की तनख्वाह सिर्फ 10,000 रुपये थी।
Read More:- क्या भारत से डिपोर्ट होंगी नोरा फतेही? ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने पर बढ़ा विवाद
एक मुलाकात ने बदल दी जिंदगी
मुस्तफा ने बताया कि 21 साल की उम्र में वह एक कॉल सेंटर में अच्छी सैलरी पर टीम लीडर थे। लेकिन उन्हें फिटनेस का शौक था। एक दिन जिम में उन्होंने एक महिला की मदद की, जिसे दूसरे ट्रेनर इग्नोर कर रहे थे। उस महिला की सलाह पर मुस्तफा ने अपनी जमी-जमाई कॉल सेंटर की नौकरी छोड़ दी और फिटनेस को ही अपना करियर बनाने का फैसला किया।
डिस्लेक्सिया और 15 साल का संघर्ष
मुस्तफा ने खुलासा किया कि बचपन में उन्हें ‘डिस्लेक्सिया’ (पढ़ने-लिखने में दिक्कत) की समस्या थी, इसलिए उनका मन पढ़ाई से ज्यादा खेलों और डांस में लगता था। 15 साल के कड़े संघर्ष के बाद उन्हें बॉलीवुड सुपरस्टार ऋतिक रोशन का पर्सनल ट्रेनर बनने का मौका मिला। ऋतिक की बॉडी ट्रांसफॉर्म करने के बाद वे फिटनेस की दुनिया में मशहूर हो गए।
एक्टर बनने का सपना हुआ पूरा
फिटनेस इंडस्ट्री में नाम कमाने के बाद डायरेक्टर आदित्य धर ने उन्हें ‘धुरंधर 2’ में एक जांबाज खुफिया एजेंट का रोल दिया। मुस्तफा अपनी सफलता का पूरा श्रेय आदित्य धर को देते हैं।




