उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का कहर, 24 की मौत, CM योगी ने दिए मुआवजे के निर्देश
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने से 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

भारत के कई हिस्सों में इस समय मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश दर्ज की गई है। जहां एक ओर भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं यह खुशी कुछ ही समय में गम में बदल गई। जी हां, उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश, आंधी-तूफान और आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 24 लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा 16 पशुओं की भी मौत हो गई है। इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुःख व्यक्त किया है और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जान-माल के नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए।
राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को हुई इन घटनाओं में सबसे अधिक जनहानि गाजीपुर, अयोध्या और कुशीनगर जैसे जिलों में हुई है। राजधानी लखनऊ में भी आंधी का असर देखने को मिला, जहां दिलकुशा क्षेत्र में एक विशाल पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर दो संविदाकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई। इसी तरह हाथरस में दीवार गिरने से दो मासूम बच्चियों की जान चली गई, जबकि आगरा और औरैया में बिजली गिरने और पेड़ टूटने से कई लोग हताहत हुए। संत कबीर नगर में एक श्रमिक तेज आंधी के कारण निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Read More:- एयरपोर्ट पर बच्ची ने किया ऐसा सैल्यूट, CISF जवान का रिएक्शन देख आप भी भावुक हो जाएंगे—देखें Viral Video
प्रशासनिक स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि राहत कार्यों और मुआवजा वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और घायलों के उचित उपचार के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। जनहानि के साथ-साथ सरकार ने बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान की भरपाई का भी भरोसा दिया है। खासकर पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के आम उत्पादक किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिसके लिए कृषि विभाग को तत्काल सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है और शनिवार से तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि 4 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से तराई क्षेत्रों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दोबारा हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली के खंभों व पुराने पेड़ों से दूरी बनाए रखें।




