लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई जा रहे यात्री के बैग से निकला तमंचा, बड़ी साजिश की आशंका
लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई जा रहे एक यात्री के बैग से चेकिंग के दौरान अवैध तमंचा बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय (अमौसी) एयरपोर्ट पर शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब दुबई जाने वाले एक यात्री के सामान से अवैध असलहा बरामद हुआ। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पकड़ने आए इस यात्री को सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हिरासत में ले लिया। अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए जा रहे यात्री के पास से ‘तमंचा’ मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
स्क्रीनिंग के दौरान खुली पोल
पुलिस के अनुसार, गोंडा जिले के मनकापुर (चांदपुर लखपत राय) का रहने वाला महेश कुमार चौहान (22 वर्ष) शुक्रवार सुबह 5:45 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX-193) से दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। महेश ने शुरुआती सुरक्षा घेरों को पार कर लिया था, लेकिन जब वह अपना लगेज बैग चेक-इन काउंटर पर बुक कराने पहुंचा, तो ‘लेवल-4’ की एडवांस स्क्रीनिंग मशीन ने संदिग्ध धातु की पहचान की।
सीआईएसएफ (CISF) और निजी सुरक्षाकर्मियों ने जब बैग की मैन्युअल तलाशी ली, तो कपड़ों के बीच छिपाकर रखा गया 12 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ। हथियार देखते ही वहां मौजूद स्टाफ और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
Read More:-उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का कहर, 24 की मौत, CM योगी ने दिए मुआवजे के निर्देश
दुबई में ‘सैंपल’ दिखाने की थ्योरी?
सरोजनी नगर पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी महेश ने बताया कि वह रोजगार की तलाश में विदेश जा रहा था। हालांकि, बैग में तमंचा होने के सवाल पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और बार-बार बयान बदलता रहा।
गंभीर जांच के घेरे में आरोपी
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि एमएसएफ (MSF) की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब सभी मुद्दों पर बारीकी से जांच कर रही है,कि क्या आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का हिस्सा है? कही हाई-सिक्योरिटी जोन में आरोपी तमंचे के साथ चेक-इन काउंटर तक कैसे पहुंच गया?
हालाँकि सरोजनी नगर पुलिस ने अवैध असलहा जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी जेल में है और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी।




