Father Daughter Viral Video: न मंजिल की चिंता, न सफर की थकान… बेटी के सपनों के लिए पिता ने जो किया, जीत लिया सबका दिल
न मंजिल की चिंता, न सफर की थकान... बेटी के सपनों के लिए पिता ने जीता सबका दिल
Father Daughter Viral Video: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए परिवार का साथ बहुत मायने रखता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिता सुबह-सुबह अपनी बेटी को परीक्षा दिलाने के लिए साइकिल पर लेकर निकले। पिता का यह छोटा-सा प्रयास लोगों का दिल जीत रहा है।
बेटी को साइकिल से छोड़ने निकले पिता
यह वीडियो नैमिशा कश्यप ने 1 नवंबर की सुबह अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। नैमिशा UPSSSC PET 2026 की परीक्षा देने जा रही थीं। सुबह करीब साढ़े चार बजे बाहर अंधेरा था। ऐसे में उनके पिता ने उन्हें अकेले भेजने के बजाय साइकिल से चौराहे तक छोड़ने का फैसला किया। नैमिशा ने इस पल को कैमरे में कैद किया। वीडियो के साथ उन्होंने अपने पिता को अपना सबसे बड़ा सपोर्टर बताया। उनकी यह बात दिखाती है कि बच्चों के सपनों को पूरा करने में माता-पिता का साथ कितनी बड़ी ताकत बन सकता है।
वीडियो पर मिल रहा लोगों का प्यार
करीब 21 सेकंड के इस वीडियो में नैमिशा साइकिल पर बैठी मुस्कुराती नजर आती हैं। वह बताती हैं कि सुबह के साढ़े चार बजे हैं और उनके पिता उन्हें आगे चौराहे तक छोड़ने जा रहे हैं। इस दौरान वह दूसरे अभ्यर्थियों से भी पूछती हैं कि आज किस-किस का PET एग्जाम है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स नैमिशा और उनके पिता की तारीफ कर रहे हैं। किसी ने बेटी को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं, तो किसी ने पिता के इस जज्बे को सलाम किया। लोगों को पिता-बेटी के बीच दिख रहा प्यार और भरोसा खूब पसंद आ रहा है।




