मीरा रोड में सुरक्षा गार्डों पर चाकू से हमला, ISIS से प्रभावित होने के शक में आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के पास मीरा रोड ईस्ट के नया नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में दो सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

मुंबई के पास मीरा रोड ईस्ट के नया नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में दो सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 31 वर्षीय आरोपी जैब जुबैर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सोमवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सबसे पहले निर्माण स्थल पर पहुंचा और गार्ड्स से सामान्य बातचीत की। उसने उनसे मस्जिद का रास्ता भी पूछा और वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह वहां दोबारा लौटा। इस बार उसने गार्ड्स से उनका धर्म पूछा और कथित तौर पर उनसे ‘कलमा’ पढ़ने को कहा। जब गार्ड्स ने ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गार्ड राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन घायल हो गए।
हमले के बाद दोनों गार्ड जान बचाने के लिए सिक्योरिटी केबिन में भागे और दरवाजा बंद कर लिया। इससे उनकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नया नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
Read More:- पटियाला में रेलवे ट्रैक उड़ाने की आतंकी साजिश नाकाम, धमाके के दौरान संदिग्ध हमलावर की मौत
पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और कुछ ही घंटों में उसे उसके किराए के घर से गिरफ्तार कर लिया है। घायल गार्ड्स को तुरंत वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी जैब जुबैर अंसारी एक उच्च शिक्षित व्यक्ति है। वह अमेरिका में पढ़ाई कर चुका है और 2019 में भारत लौट आया था। भारत आने के बाद वह मीरा रोड में अकेला रह रहा था और ऑनलाइन केमिस्ट्री व गणित पढ़ाने का काम करता था।
पुलिस को आरोपी के घर से कुछ लिखे हुए नोट्स भी मिले हैं, जिनमें कथित रूप से कट्टरपंथी विचार, ‘लोन वुल्फ’, ‘जिहाद’ और ISIS से जुड़े संकेत पाए गए हैं। इसके अलावा मोबाइल और डिजिटल डेटा की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि वह ऑनलाइन चरमपंथी कंटेंट के संपर्क में आ सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे अब महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सौंप दिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी वैचारिक प्रभाव या संगठित साजिश का हिस्सा था। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।




